नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर होर्मुज स्ट्रेट का एक नक्शा साझा करते हुए इसे अमेरिका का नया इलाका बताया। रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण यह समुद्री मार्ग वैश्विक स्तर पर तेल, प्राकृतिक गैस और अन्य वस्तुओं की आवाजाही के लिए अहम माना जाता है।
ट्रंप की ओर से नक्शा ऐसे समय साझा किया गया है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ा हुआ है। ईरान पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते को तब तक नहीं खोलेगा, जब तक अमेरिका अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी नहीं करता और अपना रुख नहीं बदलता।
ट्रंप ने फिर शेयर किया होर्मुज का नक्शा
ट्रंप ने अपने पोस्ट में होर्मुज स्ट्रेट का नक्शा साझा किया। नक्शे में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को घेरे के जरिए चिन्हित किया गया था। इसके साथ ही उन्होंने इसे अमेरिका का नया क्षेत्र बताया।
ट्रंप इससे पहले भी इसी तरह का दावा कर चुके हैं। 18 अगस्त को भी उन्होंने होर्मुज का यही नक्शा साझा किया था। इससे पहले 15 अगस्त को न्यूयॉर्क में एक रैली के दौरान उन्होंने कहा था कि ईरान को हराने के बाद वह बहुत जल्द होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करेंगे।
ट्रंप ने उस दौरान अपने दावे को लेकर कहा था कि यह वास्तव में किया जाएगा।
दुनिया के लिए क्यों महत्वपूर्ण है होर्मुज स्ट्रेट?
होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित एक बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। खाड़ी क्षेत्र से निकलने वाले तेल और प्राकृतिक गैस के बड़े हिस्से के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण है।
इसी वजह से होर्मुज में किसी भी तरह का तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर डाल सकता है। इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही बाधित होने पर तेल की कीमतों और सप्लाई चेन को लेकर चिंता बढ़ सकती है।
ईरान ने कहा- अभी बंद रहेगा होर्मुज
दूसरी ओर, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ट्रंप के दावे को स्वीकार नहीं किया है। ईरान का कहना है कि स्ट्रेट बंद है और इसे खोलने का फैसला उसकी शर्तों के आधार पर होगा।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि अमेरिकी दावों के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट बंद है। उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका अपना व्यवहार नहीं सुधारता और अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करता, तब तक इसे नहीं खोला जाएगा।
रेजाई ने अन्य देशों को भी अमेरिका की आर्थिक कार्रवाई में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने में शामिल होने वाले देशों को दुश्मन माना जाएगा।
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बढ़ी चिंता
होर्मुज को लेकर ट्रंप और ईरान के बयानों ने पहले से जारी तनाव को और बढ़ा दिया है। एक तरफ ट्रंप इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर अमेरिकी नियंत्रण की बात कर रहे हैं, वहीं ईरान इसे खोलने के लिए अमेरिका से अपनी शर्तें पूरी करने की मांग कर रहा है।
ऐसे में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर आने वाले दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच स्थिति किस दिशा में जाती है, इस पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। खासकर ऊर्जा बाजार के लिए यह घटनाक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।