कोलंबो: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रविवार से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में शुरू हो गया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत पहले टेस्ट में 165 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुका है।
इस मुकाबले में सबसे बड़ी खबर 33 वर्षीय ऑलराउंडर सारांश जैन का टेस्ट डेब्यू है। उन्हें कुलदीप यादव की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। सारांश को रवींद्र जडेजा ने टेस्ट कैप सौंपी।
33 साल की उम्र में सारांश जैन का डेब्यू
मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। वह दाएं हाथ के ऑफ-स्पिन गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। 2025-26 दलीप ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन को भी काफी सराहा गया था।
उनके डेब्यू के साथ ही घरेलू क्रिकेट में लंबे समय तक मेहनत करने वाले इस खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का मौका मिला है।
कुलदीप यादव क्यों हुए बाहर?
भारत ने दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम में एक बदलाव किया है। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव की जगह सारांश जैन को मौका दिया गया है। कप्तान शुभमन गिल के मुताबिक कुलदीप संक्रमण के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।
भारत ने पहले टेस्ट में तीन स्पिनरों के साथ मैदान में उतरकर शानदार प्रदर्शन किया था। मैन ऑफ द मैच रहे मानव सुथार ने मुकाबले में 10 विकेट हासिल किए थे।
भारत की नजर सीरीज में क्लीन स्वीप पर
गाले में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराया था। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। अब कोलंबो टेस्ट जीतकर भारतीय टीम सीरीज 2-0 से अपने नाम करना चाहेगी।
श्रीलंका के लिए यह मुकाबला सीरीज बचाने का आखिरी मौका है। मेजबान टीम को दूसरे टेस्ट में कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति से भी जूझना पड़ रहा है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका: लाहिरू उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सोरियाबांदरा, काकामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवानथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो।