मप्र भाजपा:ओरछा कार्यसमिति बैठक फिलहाल टली,दतिया उपचुनाव पहली प्राथमिकता

दतिया विधानसभा उपचुनाव और आगामी विधानसभा सत्र को प्राथमिकता देते हुए भाजपा ने 18-19 जुलाई को ओरछा में प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति बैठक स्थगित कर दी। नई तारीख जल्द घोषित किए जाने की संभावना है।

रवि अवस्थी,भोपाल।
(9826019364)

मध्यप्रदेश भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों से पहले चुनावी मोर्चे को प्राथमिकता देते हुए ओरछा में 18 और 19 जुलाई को प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक स्थगित कर दी है। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पूरा फोकस दतिया विधानसभा उपचुनाव और आगामी विधानसभा सत्र पर रहेगा। बैठक की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि कार्यसमिति की बैठक टालने का निर्णय दतिया उपचुनाव की तैयारियों और विधानसभा सत्र की व्यस्तताओं को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक बैठक बाद में होगी, लेकिन चुनावी अभियान और राजनीतिक रणनीति फिलहाल सर्वोच्च प्राथमिकता है।

स्थान नहीं बदलेगा, ओरछा में ही होगी बैठक

बैठक की तारीख भले आगे बढ़ा दी गई हो, लेकिन आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में ही आयोजित होगी। नई तारीखों की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।

इस बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री, सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष, संभाग एवं जिला प्रभारी सहित प्रदेशभर के वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों की भागीदारी प्रस्तावित थी। बैठक में सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, राजनीतिक प्रस्तावों और आगामी चुनावी रणनीति पर मंथन होना था।

तैयारियां पूरी, फिर बदला फैसला

सूत्रों के अनुसार, गुरुवार देर शाम तक बैठक की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। आवास, भोजन, सुरक्षा, स्वागत और यातायात व्यवस्था के लिए अलग-अलग समितियां गठित कर जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई थीं। निवाड़ी भाजपा संगठन ने मेहमानों के स्वागत से लेकर आयोजन स्थल तक व्यापक तैयारियां कर ली थीं। हालांकि देर शाम पार्टी नेतृत्व ने कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया।

अब माना जा रहा है कि दतिया उपचुनाव और विधानसभा सत्र की व्यस्तता समाप्त होने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक नए कार्यक्रम के साथ ओरछा में आयोजित करेगी।