शिवकुमार जोगी,गुना।
गुना शहर में धनिया व्यापारी के कर्मचारी से मिर्च पाउडर डालकर 17 लाख रुपये लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो लुटेरे, एक रेकी करने वाला और वारदात के बाद आरोपियों को कार से भोपाल पहुंचाने वाला सहयोगी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, कुंभराज के धनिया व्यापारी के कर्मचारी वासुदेव शर्मा मंगलवार को पचोर से नकदी लेकर गुना पहुंचे थे। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वे 15 से 17 लाख रुपये से भरा बैग लेकर कुंभराज रवाना हुए। पायगा मोहल्ला स्थित शीतला माता मंदिर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
छह टीमों ने जोड़ी सुरागों की कड़ी
(एसपी हितिका वासल (IPS 2017 Batch) ने गुरुवार को वारदात से जुड़ी जानकारी मीडिया से साझा की।)
एसपी हितिका वासल ने खुलासे के लिए छह विशेष टीमें गठित कीं। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से बुधवार शाम तक आरोपियों की पहचान कर ली गई। सूचना मिली कि आरोपी भोपाल में छिपे हैं, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी राघव शर्मा और सौरभ यादव निवासी उनारसी (जिला विदिशा) को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 16.80 लाख रुपये बरामद किए गए।
रेकी से लेकर फरारी तक बना था पूरा प्लान
जांच में सामने आया कि वारदात से पहले एक आरोपी ने कर्मचारी की गतिविधियों की रेकी की थी। लूट के बाद दोनों मुख्य आरोपियों को कार से भोपाल पहुंचाने की व्यवस्था भी पहले से की गई थी। पुलिस ने रेकी करने वाले और फरारी में मदद करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें… उमरिया छात्रवृत्ति घोटाला.. Click