तपती धरती को राहत की उम्मीद: जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज

“देशभर में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम एजेंसियों के अनुसार 29 मई से 5 जून के बीच देश के 80-90% हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है।

इससे तापमान में गिरावट आने और लू से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कमजोर नमी और अरब सागर में बने सिस्टम के कारण मानसून अभी केरल नहीं पहुंच पाया है।”

नईदिल्ली।
भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक 29 मई से 5 जून के बीच देश के 80 से 90 फीसदी हिस्से में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि मानसून अभी तक केरल नहीं पहुंच पाया है। मौसम विभाग ने 26 मई तक मानसून केरल पहुंचने का अनुमान जताया था, लेकिन पर्याप्त नमी नहीं बनने और अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई।

दक्षिण और पूर्वी भारत में ज्यादा बारिश के संकेत

यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) के अनुसार अगले आठ दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी राज्यों, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी से लगे इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। इससे मौसम का मिजाज तेजी से बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

उत्तर भारत अब भी तप रहा

बारिश की संभावना के बीच उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार नौवें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.4°C दर्ज किया गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 47°C तक पहुंच गया।

महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान 45°C के पार बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि प्री-मानसून बारिश शुरू होते ही उत्तर और मध्य भारत में भी गर्मी का असर कुछ कम हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *