केरल: रेड पर सियासी बवाल,पूर्व CM विजयन के घर ED टीम पर हमला

 तिरुवनंतपुरम।
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले ने बुधवार को बड़ा राजनीतिक रंग ले लिया।

विजयन के आवास पर छापेमारी करने पहुंची प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम को CPI समर्थकों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

भीड़ ने ED अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव किया और लाठियों से हमला कर वाहनों के शीशे तोड़ दिए।

विजयन के घर समेत 10 ठिकानों पर रेड

ED की 12 सदस्यीय टीम तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के घर समेत 10 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई करने पहुंची थी।

उस वक्त विजयन और उनका परिवार घर में मौजूद था। रेड की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में CPI कार्यकर्ता घर के बाहर जमा हो गए।

समर्थकों ने गाड़ियों पर बरसाए पत्थर-डंडे

अधिकारियों के बाहर निकलते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।

समर्थकों ने गाड़ियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

बेटी की कंपनी पर संदिग्ध लेन-देन के आरोप

यह पूरा मामला विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ से जुड़ा है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) ने 2018-19 के दौरान कंपनी को करीब ₹1.72 करोड़ का भुगतान किया, लेकिन बदले में कोई सेवा नहीं दी गई।

ED को आशंका है कि यह लेन-देन मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हो सकता है।

इससे पहले आयकर विभाग ने भी इस भुगतान पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद ED ने PMLA के तहत जांच शुरू की।

हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत

मंगलवार को केरल हाईकोर्ट ने CMRL की वह याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें ED जांच रद्द करने की मांग की गई थी।

इसके बाद एजेंसी ने कार्रवाई तेज करते हुए बुधवार को छापेमारी की।

सरकार के लिए बना बड़ा राजनीतिक संकट

विपक्ष लंबे समय से इस मामले को लेकर विजयन सरकार पर हमलावर है। ED के अलावा सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) भी इस मामले की जांच कर रहा है।

माना जा रहा है कि यह विवाद आने वाले समय में केरल की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *