“शिवप्रकाश की मौजूदगी में भोपाल में दिनभर चला संगठन का मंथन;
हर जिले से मांगे चार नाम, अनुशासन समिति बनाने की तैयारी”
भोपाल(9826019364)।
मध्य प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक खींचतान, आपसी मतभेद और लंबे समय से खाली
पड़े पदों को लेकर पार्टी नेतृत्व अब गंभीर नजर आ रहा है।
संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में बुधवार को दिनभर बैठकों का दौर चला।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और
संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और
संभाग प्रभारियों के साथ संगठन की स्थिति पर चर्चा की।
बैठकों में केवल खाली पदों पर नियुक्तियों का मुद्दा ही नहीं उठा,
बल्कि संगठन में समन्वय की कमी, अनुशासनहीनता और जिलों से समय पर जानकारी
नहीं मिलने जैसे विषयों पर भी सख्त संदेश दिया गया।
पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठन में अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा।
हर जिले से मांगे चार-चार नाम
बैठक का एक प्रमुख एजेंडा लंबे समय से खाली पड़े संगठनात्मक पदों को भरना रहा।
इसके लिए जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों से अपने-अपने जिलों के
चार-चार संभावित नामों का पैनल तैयार करने को कहा गया है।
इन नामों पर प्रदेश संगठन और कोर ग्रुप में विचार किया जाएगा।
जिला कार्यकारिणी, मंडल, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों में खाली पदों
को भरने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि संगठन में ऐसे कार्यकर्ताओं और नेताओं को जिम्मेदारी मिले,
जो सक्रियता के साथ काम कर सकें और स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय बना सकें।
अनुशासनहीनता पर कार्रवाई की तैयारी

(राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश।)
बैठक में पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को नजरअंदाज नहीं किया जाए।
इसके लिए अगले दो से चार दिनों में अनुशासन समिति गठित करने की जानकारी दी गई।
कुछ जिलों में विवाद और घटनाओं की जानकारी प्रदेश संगठन तक
समय पर नहीं पहुंचने पर भी नाराजगी जताई गई।
जिला प्रभारियों से कहा गया कि किसी भी महत्वपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी तत्काल प्रदेश कार्यालय को दें।
इसके लिए प्रदेश नेतृत्व की ओर से पूछताछ का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए।
गुटबाजी रोकने के लिए पहले भी दिया जा चुका है संदेश

(प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी।)
मध्य प्रदेश भाजपा में नेताओं के बीच आपसी खींचतान और समन्वय की
कमी का मुद्दा पिछले कुछ समय से चर्चा में रहा है।
अक्टूबर में प्रदेश भाजपा के प्रभारी बिप्लब कुमार देब की बैठकों के दौरान भी
पार्टी के अंदरूनी मतभेदों का विषय सामने आया था।
उस समय देब ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद बातचीत से सुलझाने की सलाह दी थी।
उन्होंने स्पष्ट किया था कि पार्टी में गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विवाद का समाधान आपसी बातचीत से नहीं निकलता है तो वरिष्ठ नेतृत्व के सामने मामला रखा जाना चाहिए।
अब नवंबर की संगठनात्मक बैठकों में अनुशासन समिति और नियमित
रिपोर्टिंग पर जोर को इसी व्यापक संगठनात्मक कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
हर महीने देनी होगी कामकाज की रिपोर्ट

(बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल।)
जिला प्रभारियों को अपने कामकाज की मासिक रिपोर्ट प्रदेश संगठन को देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा नियमित रूप से कोर ग्रुप की बैठक आयोजित करने पर जोर दिया गया।
इस व्यवस्था के जरिए प्रदेश नेतृत्व जिलों में संगठन की सक्रियता,
कार्यकर्ताओं की भागीदारी और लंबित गतिविधियों की निगरानी करना चाहता है।
मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी में भी चला संगठन का मंथन
बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंदसौर के गांधीसागर में मंत्रिपरिषद की बैठक में शामिल थे।
इसी दौरान भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला जारी रहा।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की मौजूदगी को इन बैठकों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संगठन के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक ओर खाली पदों पर नियुक्तियां पूरी करना और
दूसरी ओर नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि चार-चार नामों के पैनल से किन नेताओं को संगठन में जगह
मिलती है और अनुशासन समिति बनने के बाद पार्टी के
भीतर अनुशासनहीनता के मामलों पर क्या कार्रवाई होती है।
संगठन की जमीनी पकड़ परखने उतारे जाएंगे ‘सेवा दूत’

भाजपा अब संगठन की मजबूती परखने के लिए एक नया प्रयोग करने जा रही है।
पार्टी जल्द ही प्रदेश में ‘सेवा दूत’ अभियान शुरू करेगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया से
चर्चा में बताया कि इसके तहत 1 से 25 अप्रैल तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का
एक कार्यकर्ता या वरिष्ठ नेता 25 दिनों के पूर्णकालिक प्रवास पर रहेगा।
इस अभियान की खास बात यह होगी कि संबंधित नेता को उसके गृह जिले के
बजाय दूसरे जिले की विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी जाएगी।
वहां रहकर वह बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और
स्थानीय संगठन की स्थिति का जायजा लेगा।
प्रवास पूरा होने के बाद संबंधित नेता अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगा।
इस व्यवस्था के जरिए भाजपा दूसरे जिलों में संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहती है।
साथ ही स्थानीय स्तर पर संगठन की कमजोरियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की जानकारी भी जुटाई जाएगी।
बैठकों में पूर्व में चलाए गए सेवा अभियानों और पदयात्राओं की भी समीक्षा की गई।
सुबह से रात तक चलीं संगठनात्मक बैठकें
