राज्यसभा रण में कांग्रेस का ‘मीनाक्षी दांव’, BJP ने तरुण,रजनीश पर जताया भरोसा

5

भोपाल/नई दिल्ली।

18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने संगठन और वैचारिक राजनीति का चेहरा मानी जाने वाली मीनाक्षी नटराजन पर दांव लगाया है,

जबकि भाजपा ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाकर संगठन को प्राथमिकता दी है।

बीजेपी के 11 उम्मीदवारों की सूची जारी

राज्यसभा की 26 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में भाजपा ने अपने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

इनमें मध्य प्रदेश और राजस्थान से दो-दो, गुजरात से चार, जबकि अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और ओडिशा से एक-एक प्रत्याशी शामिल हैं।

राज्यसभा चुनाव 2026 : चुनाव कार्यक्रम

चुनाव कार्यक्रम तारीख
अधिसूचना जारी होने की तिथि 01 जून 2026
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 08 जून 2026
नामांकन पत्रों की जांच 09 जून 2026
नाम वापसी की अंतिम तिथि 11 जून 2026
मतदान 18 जून 2026 (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
मतगणना एवं परिणाम 18 जून 2026 (शाम 5 बजे से)

मप्र से रजनीश अग्रवाल,तरुण चुग को मौका

मध्य प्रदेश की दो सीटों पर भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े चेहरे तरुण चुग और संगठन में सक्रिय रजनीश अग्रवाल(Photo) को मौका देकर साफ संकेत दिया है कि पार्टी राज्यसभा में भी संगठनात्मक मजबूती को प्राथमिकता दे रही है।

दूसरी ओर कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाकर वैचारिक और राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।

राजस्थान से दो डॉक्टर्स को टिकट

राजस्थान में भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर को टिकट दिया है।

वहीं गुजरात की चार सीटों पर राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया को मैदान में उतारा गया है।

मेघालय में एनपीपी के जेम्स पीके संगमा और मिजोरम में जोराम पीपुल्स मूवमेंट के के. लालतलुआंगकिमा को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

अधिकांश पर एनडीए का पलड़ा भारी

राजनीतिक गणित के अनुसार 26 सीटों में से अधिकांश पर एनडीए का पलड़ा भारी माना जा रहा है।

मौजूदा स्थिति में राज्यसभा के 244 सदस्यीय सदन में एनडीए के पास 149 सांसद हैं, जबकि विपक्ष के खाते में 78 सदस्य हैं। ऐसे में यह चुनाव उच्च सदन में शक्ति संतुलन को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है।

18 जून को मतदान

राज्यसभा चुनाव में जनता सीधे मतदान नहीं करती। सांसदों का चुनाव संबंधित राज्यों के विधायक करते हैं। 18 जून को मतदान और उसी दिन मतगणना होने की संभावना है।