Skip to content
शिवकुमार जोगी,गुना।
मध्य प्रदेश में गुना जिले के आरोन क्षेत्र में 40 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है।
परिवार का आरोप है कि युवक को पहले बंधक बनाया गया।
उसके साथ मारपीट की गई और वीडियो बनाया गया।
परिवार के मुताबिक, बाद में इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गानों के साथ वायरल किया गया।
वीडियो वायरल होने की बात पता चलने के बाद युवक मानसिक रूप से परेशान था।
इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
भतीजे के महिला को साथ ले जाने से शुरू हुआ विवाद
मृतक की पहचान अमरपुरा निवासी कजोड़ बंजारा (40) के रूप में हुई है।
वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था।
उसके भाई जगदीश के अनुसार, कजोड़ के भतीजे ने होरीबे गांव की एक महिला को अपने साथ रखा था।
महिला के परिवार को शक था कि कजोड़ ने भतीजे की मदद की है।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ।
परिवार का कहना है कि इसके बाद कजोड़ को लगातार परेशान किया जाने लगा।
जून में बंधक बनाने का आरोप
परिवार के मुताबिक, जून में कजोड़ किसी काम से आरोन गया था।
इसी दौरान कुछ लोग उसे अपने साथ ले गए।
आरोप है कि उसे बंधक बनाकर हाथ बांधे गए।
उसके साथ मारपीट भी की गई। इसी दौरान उसका वीडियो बनाए जाने का भी दावा किया गया है।
कजोड़ के वापस नहीं लौटने पर परिजन पुलिस के पास पहुंचे।
परिवार के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई के बाद उसे वहां से छुड़ाया गया।
पत्नी और बच्चों के साथ जाते समय भी मारपीट का दावा
परिवार का आरोप है कि 12 जून को कजोड़ पत्नी और बच्चों के साथ इलाज के लिए जा रहा था।
इसी दौरान शेरपुर घाटी के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
परिवार ने कजोड़ के गहने, 25 हजार रुपए और बाइक ले जाने का भी आरोप लगाया है।
इस मामले में 15 जून को एसपी कार्यालय में शिकायत की गई।
इसके अगले दिन कलेक्टर को भी आवेदन दिया गया था।
वीडियो में आपत्तिजनक गाने लगाने का आरोप
परिवार का कहना है कि बंधक बनाए जाने के दौरान रिकॉर्ड किए गए वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल किए गए।
इन वीडियो में कजोड़ के हाथ बंधे नजर आने का दावा किया गया है।
परिवार के अनुसार, वीडियो के साथ ऐसे गाने लगाए गए, जिनसे उसका मजाक उड़ाया जा रहा था।
वीडियो में उसके साथ कथित तौर पर जूतों की माला से जुड़ा आपत्तिजनक दृश्य भी दिखाया गया।
हालांकि, जनप्रचार इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
रिश्तेदारों से मिली जानकारी से परेशान था युवक
परिवार के मुताबिक, घटना से करीब तीन दिन पहले कजोड़ अनाज बेचने आरोन गया था।
वहां रिश्तेदारों ने उसे वीडियो वायरल होने की जानकारी दी।
उन्होंने कथित तौर पर बताया कि वीडियो में उसकी बेइज्जती की जा रही है।
यह सुनकर वह गांव लौट आया।
शुक्रवार को वह फिर किसी काम से आरोन गया।
वहां भी रिश्तेदारों ने उसे वीडियो वायरल होने और बदनामी की बात बताई।
परिवार के अनुसार, इससे वह काफी परेशान हो गया।
अस्पताल ले जाने के दौरान बताई अपनी परेशानी
परिजनों के अनुसार, कजोड़ ने घर पहुंचने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा।
पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का कहना है कि अस्पताल ले जाते समय कजोड़ ने वीडियो वायरल होने और बदनामी से परेशान होने की बात बताई थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
मामले की जांच की जा रही है।
युवक की मौत के पीछे सोशल मीडिया वीडियो, पुराना विवाद और कथित मारपीट की क्या भूमिका रही,यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
Tags: Aron News , crime news , Family Allegation , Guna News , Harassment Case , Madhya Pradesh , MP News , Police Investigation , social media , viral video , Viral Video Case
Post navigation