कुक से मारपीट: क्रिकेटर शशांक व उनके रिटायर्ड IPS पिता के खिलाफ FIR

भोपाल में पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शशांक सिंह, उनके पिता रिटायर्ड स्पेशल डीजी शैलेष सिंह और ड्राइवर पर कुक से मारपीट, गाली-गलौज और मोबाइल छीनने के आरोप में FIR दर्ज हुई है।

भोपाल।
राजधानी भोपाल के रातीबड़ इलाके में IPL टीम पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शशांक सिंह, उनके पिता एवं रिटायर्ड स्पेशल डीजी शैलेष सिंह IPS तथा एक कर्मचारी के खिलाफ मारपीट और अभद्रता का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता रीवा निवासी विपेंद्र सिंह तोमर ने आरोप लगाया है कि उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर भोपाल बुलाया गया था।

पीड़ित के अनुसार, परिचित मोहित सिंह सेंगर के माध्यम से उसे शैलेष सिंह के नीलबड़ स्थित घर में कुक के तौर पर काम करने के लिए बुलाया गया था। उसे 15 हजार रुपए मासिक वेतन के साथ रहने और खाने की सुविधा देने का आश्वासन दिया गया था।

खाना पसंद नहीं आया, विवाद बढ़ने का आरोप

विपेंद्र का कहना है कि काम शुरू करने के कुछ घंटों बाद ही उससे लगातार काम कराया जाने लगा। उसने आरोप लगाया कि घर में पहले से काम कर रहे कुक के साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा था। इससे परेशान होकर जब उसने नौकरी छोड़ने की इच्छा जताई तो उसे कथित तौर पर अपशब्द कहे गए।

शिकायत के मुताबिक, उससे कहा गया, “काम नहीं करेगा तो यहां आया क्यों?” और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उससे उसकी इच्छा के विरुद्ध काम कराया गया।

कमरे में छिपा तो हुई मारपीट

युवक ने आरोप लगाया कि भय के कारण वह खुद को कमरे में बंद कर बैठ गया था। इसके बाद शैलेष सिंह, उनके बेटे शशांक सिंह और ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके शरीर और चेहरे पर चोट के निशान हैं तथा घटना के बाद भी मोबाइल वापस नहीं किया गया।

घटना के बाद विपेंद्र ने रोते हुए अपना वीडियो जारी किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी

रातीबड़ थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद फरियादी और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर शैलेष सिंह, शशांक सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे आरोप

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2026 में विदिशा जिले के गंजबासौदा निवासी राजीव विश्वकर्मा ने भी पूर्व स्पेशल डीजी शैलेष सिंह के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में युवक ने घर में बंधक बनाकर रखने, मारपीट करने, मोबाइल और बैग छीनने तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए थे।

हालांकि, उन आरोपों की जांच और निष्कर्ष को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

IPL में पहचान बना चुके हैं शशांक सिंह

शशांक सिंह को IPL में पहचान पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए मिली। इससे पहले वे दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रह चुके हैं। पंजाब किंग्स ने उन्हें 2025 और 2026 सीजन के लिए 5.5 करोड़ रुपए में रिटेन किया था।

अब तक 53 IPL मैच खेल चुके शशांक सिंह ने 905 रन बनाए हैं।

हालांकि 2026 सीजन उनके लिए निराशाजनक रहा, जिसमें उन्होंने 12 मुकाबलों में 132 रन बनाए। गेंदबाजी में भी उनके नाम IPL में 5 विकेट दर्ज हैं।

See also  MP Promotion Rules 2025: पदोन्नति नियम-2025 पर बिजली इंजीनियरों का विरोध, मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री को भेजा ज्ञापन