कश्मीर से राजस्थान तक शीतलहर का ‘टॉर्चर’, घुप कोहरे में छिपे शहर दर शहर; जानें कब से राहत

 नई दिल्ली 

Weather Report Today: उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते उत्तर भारत में शीतलहर से लोगों का बुरा हाल है। पंजाब और हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर रविवार को कड़ाके की ठंड पड़ी और बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, सुबह-शाम कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की गति थम गई है। कई रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। विमानों पर भी कोहरे का असर पड़ा है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थिति देखी गई। विभाग ने अगले चार दिनों तक हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में घने कोहरे की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम राजस्थान में लोग शीतलहर की स्थिति का अनुभव करेंगे।

बठिंडा में तीन डिग्री रहा तापमान

आईएमडी के अनुसार, रविवार को पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। पंजाब में बठिंडा का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में चार डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि पंजाब के औद्योगिक केंद्र लुधियाना में तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पठानकोट, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6, 4.6 और 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

See also  मुख्यमंत्री चौहान से मंत्री सिलावट ने की भेंट

अगले चार दिन उत्तर भारत में शीतलहर

अगले चार दिन उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में रहेगा। मौसम विभाग ने उत्तरी राजस्थान में अगले कुछ दिनों और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में सोमवार तक भीषण ठंड की स्थिति की चेतावनी जारी की है। दिल्ली में अगले 24 घंटों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। आईएमडी ने कहा है कि 26 दिसंबर को तापमान में और गिरावट आ सकती है। आईएमडी ने अपनी वेबसाइट पर अगले कुछ दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है।

'कोल्ड डे' की चपेट में कई शहर

अपनी वेबसाइट पर जारी विज्ञप्ति में विभाग ने कहा, अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कई स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति रहने की संभावना है। बता दें कि एक दिन पहले आईएमडी ने कहा था कि अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.2, 5.8, 5.3 और 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में सीजन का सबसे ज्यादा ठंडा दिन

See also  स्कॉलरशिप घोटाला कर सरकार को लगाया करोडो का चुना, कुर्की के आदेश, FIR भी होगी दर्ज

दिल्ली-एनसीआर में रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। रविवार को दिल्ली में ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ी है। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। हालांकि, दिल्ली में रविवार को कोहरे में कमी आई। रविवार सुबह दिल्ली में बेहद हल्का कोहरा रहा, जिसके चलते दृश्यता की ज्यादा समस्या नहीं रही।

बिहार में 31 दिसंबर तक स्कूल बंद

बिहार में ठंड और कोहरे से जनजीवन अस्तव्यस्त है। खासकर उत्तर बिहार और कोसी-सीमांचल में हाल बेहाल है। शीतलहर को देखते हुए राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 31 दिसंबर तक छुट्टियां कर दी गई हैं। शिक्षा विभाग की ओऱ से सभी जिला अधिकारियों को 26 से 31 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने का निर्देश भेजा है। मौसम विभाग ने आगामी 4 से 5 दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना जताई है।

राजस्थान में 0.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा

राजस्थान में शनिवार रात सीकर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि प्रदेश के करौली में शनिवार रात पारा 0.7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि नागौर में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री, चूरू में 2.5 डिग्री, बीकानेर में 3.4 डिग्री, पिलानी (झुंझुनू) में 3.9 डिग्री, अलवर में 4.0 डिग्री, वनस्थली (टोंक) में 4.7 डिग्री, भीलवाड़ा में 5.0 डिग्री, अन्ता (बारां) में 5.3 डिग्री और श्रीगंगानगर में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

See also  शशि थरूर ने केरल कांग्रेस के अनौपचारिक फरमान की उड़ाई धज्जियां, 4 दिवसीय दौरे पर निकले

घाटी में माइनस 5.8 डिग्री तापमान

कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर गया है। कई जगहों पर शनिवार को मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। वहीं, कड़ाके की ठंड से कई इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाले पाइप जम गए हैं। साथ ही डल झील का अंदरूनी हिस्सा भी जम गया है।

श्रीनगर में सबसे सर्द रही कल की रात

मौसम विभाग के कार्यालय ने बताया कि इस साल घाटी में क्रिसमस शुष्क, लेकिन ठंडा रहा। हालांकि, अगले हफ्ते बारिश की संभावना है। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार की रात न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया और गुलमर्ग को छोड़कर पूरी घाटी में सामान्य से नीचे रहा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *