राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा फेरबदल, चंपत राय की जगह कृष्ण मोहन संभालेंगे कमान

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। कृष्ण मोहन को अंतरिम महामंत्री नियुक्त किया गया है। 22 जुलाई को ट्रस्ट की अगली बैठक होगी।

अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में महामंत्री चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया। ट्रस्ट ने नए स्थायी महामंत्री की नियुक्ति होने तक कृष्ण मोहन को अंतरिम महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने मीडिया को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ट्रस्ट के प्रमुख पदों पर नियुक्तियों के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। इस संबंध में अगली बैठक 22 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

22 जुलाई को होगी अगली बैठक

स्वामी गोविंद देव गिरि ने बताया कि 22 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि तब तक राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी और गबन मामले की एसआईटी जांच रिपोर्ट भी सामने आ जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चढ़ावा मामले के बीच दिया था इस्तीफा

महामंत्री चंपत राय ने राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी और गबन के आरोपों के बीच पिछले महीने अपने पद से इस्तीफा दिया था। 26 जून से उनके इस्तीफे की खबरें सामने आने लगी थीं, जबकि ट्रस्ट ने 27 जून को आधिकारिक पत्र जारी कर इसकी पुष्टि की थी।

अफवाहों से बचने की अपील

बैठक के बाद स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों को कानून के अनुसार उचित दंड मिलेगा और ट्रस्ट को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।

उन्होंने श्रद्धालुओं और हिंदू समाज से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी श्रद्धालु को अपनी किसी वस्तु या चढ़ावे को लेकर कोई आशंका है, तो वह सीधे राम मंदिर ट्रस्ट कार्यालय से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है।