नई दिल्ली: अक्टूबर 2026 में बैंक ग्राहकों को ब्रांच से जुड़े जरूरी काम की प्लानिंग पहले से करनी होगी। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, अक्टूबर में अलग-अलग राज्यों और बैंकिंग सेंटर में कुल 16 दिन बैंक बंद रहेंगे। इसमें गांधी जयंती, नवरात्रि-दशहरा, दुर्गा पूजा जैसी छुट्टियों के अलावा रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार की छुट्टियां भी शामिल हैं। हालांकि, इन सभी तारीखों पर देशभर में एक साथ बैंक बंद नहीं रहेंगे।
2 अक्टूबर को देशभर में बैंक बंद
अक्टूबर महीने की पहली बड़ी बैंक छुट्टी 2 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को है। इस दिन गांधी जयंती के कारण देशभर के बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 4 अक्टूबर को रविवार होने के कारण भी बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।
इसके बाद 10 अक्टूबर को दूसरा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसी दिन कुछ बैंकिंग सेंटर में महालया अमावस्या की छुट्टी भी है। 11 अक्टूबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
नवरात्रि और दशहरे पर कई दिन बैंक हॉलिडे
अक्टूबर के दूसरे हिस्से में त्योहारों के कारण बैंक छुट्टियां बढ़ जाएंगी। 17 अक्टूबर को त्रिपुरा में महा सप्तमी के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 18 अक्टूबर को रविवार है।
19 अक्टूबर को महाष्टमी, महानवमी, आयुध पूजा और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इनमें असम, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्य शामिल हैं।
20 अक्टूबर को विजयादशमी/दशहरा के कारण देश के कई बैंकिंग सेंटर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इनमें लखनऊ, कानपुर, जयपुर, भोपाल, अहमदाबाद, चंडीगढ़, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता, पटना और कई अन्य प्रमुख शहर शामिल हैं।
21 से 23 अक्टूबर तक भी कुछ राज्यों में छुट्टी
21 अक्टूबर को विजयादशमी और दुर्गा पूजा के कारण असम, कर्नाटक, केरल, सिक्किम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कुछ बैंकिंग सेंटर में छुट्टी रहेगी। इसके बाद 22 और 23 अक्टूबर को सिक्किम में दुर्गा पूजा/दशैन के कारण बैंक बंद रहेंगे।
24 अक्टूबर को चौथा शनिवार होने के कारण देशभर की बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। महीने के अंत में 26 अक्टूबर को कुछ शहरों में लक्ष्मी पूजा/महार्षि वाल्मीकि जयंती और 29 अक्टूबर को शिमला में करवा चौथ के कारण भी बैंक अवकाश रहेगा।
ऑनलाइन बैंकिंग और UPI चलते रहेंगे
बैंक हॉलिडे का मतलब यह नहीं है कि सभी बैंकिंग सेवाएं बंद हो जाएंगी। छुट्टी के दौरान ग्राहक आमतौर पर UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, ब्रांच में होने वाले काम जैसे कैश जमा/निकासी, चेक से जुड़े काम, पासबुक अपडेट और अन्य शाखा-आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
इसलिए अगर आपको अक्टूबर में बैंक ब्रांच से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो अपने राज्य और संबंधित बैंकिंग सेंटर की छुट्टी की तारीख पहले जरूर जांच लें। RBI का बैंक हॉलिडे कैलेंडर राज्यवार छुट्टियों को निर्धारित करता है, इसलिए SBI, PNB, Bank of Baroda, Canara Bank, HDFC Bank और ICICI Bank जैसी बैंकों की शाखाएं भी संबंधित क्षेत्र की छुट्टी के अनुसार बंद रह सकती हैं।