प्रदेश के खिलाड़ियों को ओलंपिक में पदक जीतने पर DSP, डिप्टी कलेक्टर का पद दिया जायेगा -CM शिवराज सिंह चौहान

भोपाल

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने  कहा कि ओलंपिक और एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को डीएसपी (Deputy Superintendent of Police, DSP) और डिप्टी कलेक्टर नियुक्त किया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान यहां रवीन्द्र भवन में मध्य प्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह में वर्ष 2020 की खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी कार्यक्रम में मौजूद थे। इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 के लोगो का भी अनावरण किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के करियर को लेकर चिंतित होते हैं। माता पिता बच्चों को खेलों में शामिल होने से रोकते हैं। बच्चों की प्रसन्नता खेलते समय अद्भुत होती है। खेल जिंदगी का अंग है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के हॉकी खिलाड़ी विवेक प्रसाद सागर (Vivek Prasad Sagar) को डिप्टी एसपी बनाए जाने का उदाहरण देते कहा कि राज्य सरकार ने फैसला किया है कि ओलंपिक एवं एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी और डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्त किया जाएगा।

See also  नोटबंदी करना सही था या गलत? सुप्रीम कोर्ट आज सुना सकता है अपना फैसला

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 खिलाड़ियों को पुलिस बल में सब इंस्पेक्टर और 50 को कांस्टेबल के पद पर नियुक्त करने का भी निर्णय लिया है। यही नहीं खेलो इंडिया में अच्छा प्रदर्शन करने वाली और पदक जीतने वाली टीमों या खिलाड़ियों को कोचिंग के लिए सालाना 5 लाख रुपये दिए जाने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धीरे-धीरे ग्रामीण स्तर पर भी खेल के बुनियादी ढांचे का विकास करेगी। वहीं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मध्य प्रदेश खेल विभाग की निशानेबाजी और घुड़सवारी अकादमियों की प्रशंसा की और उन्हें देश में सर्वश्रेष्ठ अकादमियों में से एक बताया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में खेल के अनुरूप वातावरण बन रहा है। हर जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर खेल अधोसंरचना का विकास किया जा रहा है। प्रदेश में उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना तो होगी ही, साथ ही खिलाड़ियों को खेल के लिये हर सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी और मध्य प्रदेश खेलों में भी नंबर वन बनेगा। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मध्य प्रदेश के खिलाड़ी प्रतस्पिर्धा में डटकर मुकाबला कर मेडल लेकर आएं। सरकार भोपाल के बरखेड़ा नाथू में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम का निर्माण कर रही है।

See also  राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण करती है एनसीसी:राज्यपाल पटेल

अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों द्वारा जीते गए विभिन्न पदकों का हवाला देते हुए कहा कि 2022 खेलों के लिए बहुत महत्वपूर्ण साल रहा है। केंद्र सरकार की ओर से खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत पांच साल के लिए 3195 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया गया है। देश में 1,000 खेलो इंडिया केंद्र खोले जा रहे हैं। इनमें से 750 को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। अगले साल 15 अगस्त तक उन पर काम पूरा हो जाएगा। अनुराग ठाकुर ने मध्य प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया (Yashodhara Raje Scindia) की तारीफ करते हुए कहा कि गुजरात के केवड़िया में सभी राज्यों के खेल मंत्रियों के सम्मेलन में केवल वही थीं जो दोनों दिन मौजूद रहीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *