MP: चलती पेंचवैली एक्सप्रेस में धुएं से मची अफरा-तफरी, AC कोच में शॉर्ट सर्किट; 72 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

इटारसी के पास पेंचवैली एक्सप्रेस के B2 एसी कोच में शॉर्ट सर्किट से धुआं भर गया। यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोकी। सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया।

इटारसी।
आज तड़के बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया, जब नैनपुर-इंदौर पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में शॉर्ट सर्किट के बाद धुआं भरने लगा।

हालांकि यात्रियों की सतर्कता और रेलवे की त्वरित कार्रवाई से कोच सवार सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इटारसी से पहले हुआ हादसा

बुधवार तड़के करीब 4 बजे गाड़ी संख्या 19344 पेंचवैली एक्सप्रेस इटारसी की ओर बढ़ रही थी।

इसी दौरान इटारसी से पहले पोला पत्थर स्टेशन के पास B2 एसी कोच के पैनल से अचानक धुआं निकलने लगा।

उस समय कोच पूरी तरह भरा हुआ था और अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।

जैसे ही धुआं फैलने लगा, यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसी पैनल से चिंगारियां भी निकल रही थीं।

स्थिति गंभीर होती देख तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी गई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

कोच में फायर अलार्म बजने लगे

इस बीच कोच में फायर अलार्म बजने लगे।

वहीं बिजली की सप्लाई बार-बार बाधित होने से लाइटें बंद-चालू होती रहीं।

अचानक बने इस माहौल से महिलाओं और बच्चों सहित सभी यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

कई यात्री अपना सामान तक कोच में छोड़कर बाहर निकल आए।

सभी यात्रियों को अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के करीब 35 अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

टीम ने कोच की जांच कर आग पर पूरी तरह काबू पाया और तकनीकी परीक्षण के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दी।

इसके बाद B2 कोच के सभी यात्रियों को अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया गया।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।