सागर/भोपाल।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत से एक बार फिर जहरीली शराब का मामला चर्चा में आ गया है।
दोनों मृतक बंडा क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र के रहने वाले थे।
उन्होंने गुरुवार को डीसीआर की लाल मसाला देशी शराब पी थी।
इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। एक की घर पर मौत हो गई,
जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हालांकि, इन मौतों के पीछे जहरीली शराब ही वजह है या पहले से मौजूद बीमारियां, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शराब के खाली क्वार्टर जब्त कर जांच के लिए सैंपल भेजे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
पहले से बीमार थे दोनों मृतक
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मुताबिक, मृतकों की पहचान कमलेश लोधी (45) और चंद्रभान सिंह (42) के रूप में हुई है।
दोनों पहले से बीमार थे और शराब पीने के आदी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कमलेश को पाइल्स की समस्या थी। उसे लगातार रक्तस्राव हो रहा था।
गुरुवार को शराब पीने के बाद रात में उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरे मृतक चंद्रभान को भी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी थी।
करीब तीन महीने पहले उसे भोपाल के बंसल हॉस्पिटल और भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उसे खून की उल्टियां होने की शिकायत थी।
गुरुवार को शराब पीने के बाद वह पत्थर की खदान में मजदूरी करने गया था।
वहां सिर में तेज दर्द होने पर घर लौट आया। इसके बाद बिना खाना खाए सो गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
घरों के आसपास मिले शराब के खाली क्वार्टर

दो लोगों की मौत की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची।
जांच के दौरान मृतकों के घरों के आसपास शराब के खाली क्वार्टर मिले। टीम ने इन्हें जब्त कर लिया है।
एडिशनल एसपी के मुताबिक, परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं।
दोनों की मेडिकल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों ने शराब कहां से खरीदी थी और उसमें किसी तरह की मिलावट तो नहीं थी।
कमलेश के घर सहित दो ठिकानों पर छापेमारी
सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय के मुताबिक, कमलेश पहले शराब बेचने का काम करता था।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने उसके घर सहित दो ठिकानों पर दबिश दी।
हालांकि, छापेमारी में वहां शराब नहीं मिली।
जांच में पता चला कि बंडा शराबकांड के बाद कमलेश ने शराब बेचना बंद कर दिया था।
प्रशासन के अनुसार, शराब सरकारी दुकान से खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है।
मौतों में जहरीली शराब की भूमिका की जांच की जा रही है।
बंडा में पहले 36 से ज्यादा लोगों की जा चुकी है जान
सागर जिले का बंडा क्षेत्र पहले भी जहरीली और मिलावटी शराब के बड़े मामले को लेकर सुर्खियों में रहा है।
इससे पहले बंडा और शाहगढ़ इलाके में शराब पीने से 36 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
उस मामले में पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया था।
मास्टरमाइंड, ठेकेदार और सप्लायर सहित 34 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी।
जांच में गुजरात से स्पिरिट और उत्तर प्रदेश के ललितपुर से नकली बोतलें व रैपर लाने की बात भी सामने आई थी।

देवास में भी शराब से मौतों का मामला आया था सामने
मध्य प्रदेश में बीते ढाई महीने के दौरान सागर और देवास में शराब से जुड़ी मौतों के दो बड़े मामले सामने आए।
देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में अक्टूबर में करीब 20 दिनों के भीतर 13 लोगों की मौत हुई थी।
इनमें 10 मृतकों के परिजनों ने जहरीली शराब को मौत की वजह बताया था।
हालांकि, प्रशासन ने इन मौतों को जहरीली शराब से जोड़ने की पुष्टि नहीं की थी और मामले की जांच कराई थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
सागर में हुई ताजा मौतों के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की जांच जारी है।
फिलहाल दोनों मृतकों की बीमारी और शराब सेवन, दोनों पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और शराब के सैंपल की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि
मौतें बीमारी के कारण हुईं या शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी ने जान ली।
Keywords:
-
सागर में शराब से मौत (Sagar Liquor Death)
-
बंडा शराबकांड (Banda Liquor Case)
-
जहरीली शराब (Spurious Liquor)
-
देशी मसाला शराब (Country Liquor)
-
मध्य प्रदेश क्राइम न्यूज (MP Crime News)
-
सागर पुलिस (Sagar Police)
-
देवास शराबकांड (Dewas Liquor Case)