भोपाल।
अब केवल बैठकों में रिपोर्ट देने से काम नहीं चलेगा।
मध्य प्रदेश के हर जिले को अब अपने कामकाज और अधिकारियों की मैदानी सक्रियता का ऑनलाइन हिसाब भी देना होगा।
इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन विश्वास अभियान पोर्टल लॉन्च किया है।
यानी, जनसंवाद से लेकर शिकायतों के निराकरण तक की जानकारी अब एक जगह ऑनलाइन दर्ज होगी।
हर सोमवार अपडेट होगी जिले की ‘परफॉर्मेंस रिपोर्ट’
अभियान के तहत शुक्रवार तक किए गए कामों की जानकारी अगले सोमवार तक पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इसकी जिम्मेदारी जिला कलेक्टरों की होगी।
अधिकारियों के भ्रमण और निरीक्षण का रिकॉर्ड भी दर्ज होगा।
इसके अलावा जनसंवाद, उद्यम संवाद, यशस्वी संवाद और मीडिया संवाद की जानकारी भी अपलोड की जाएगी।
जिले में हुए नवाचार और राज्य सरकार को भेजे गए प्रमुख सुझाव भी पोर्टल पर दर्ज होंगे।
संभागायुक्त रखेंगे नजर
पोर्टल पर जानकारी समय पर अपलोड हो रही है या नहीं, इसकी नियमित निगरानी संभागायुक्त करेंगे।
वहीं, सभी विभागों को भी लॉगिन आईडी दी जा रही है।
इससे जिला स्तर पर दर्ज जानकारी की उच्च स्तर पर समीक्षा की जा सकेगी।
जिन समस्याओं का समाधान राज्य स्तर के समन्वय के बिना संभव नहीं होगा, उन्हें भी आसानी से चिह्नित किया जा सकेगा।
एक महीने में 5.64 लाख शिकायतों का निराकरण
जन विश्वास अभियान की शुरुआत 7 अगस्त 2026 को हुई थी।
अब अभियान के चार सप्ताह पूरे हो चुके हैं।
इस दौरान 5 लाख 64 हजार से अधिक CM हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया गया है।
इसके अलावा लोक सेवा गारंटी के तहत 8 लाख 6 हजार से अधिक आवेदनों का भी समाधान किया जा चुका है।
हफ्ते में एक दिन ‘फील्ड’ में
अभियान के तहत जनप्रतिनिधि और अधिकारी सप्ताह में एक दिन फील्ड में जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं।
मकसद है कि जनता को कार्यालयों के चक्कर कम लगाने पड़ें।
साथ ही, अधिकारियों की फील्ड पर मौजूदगी और समस्याओं के समाधान की रफ्तार पर नजर रखी जा सके।
Keywords
MP Jan Vishwas Portal, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, Mohan Yadav,
MP government, district weekly report, CM Helpline, public grievance redressal