उमरिया (विक्की दाहिया )/ मध्यप्रदेश का संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र अपनी तकनीकी गड़बड़ियों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में है। नए साल में ही दूसरी बार सयंत्र में खराबी आई। शनिवार सुबह पावर प्लांट की 210 मेगावाट की एक नंबर यूनिट में बॉयलर ट्यूब लीकेज होने की खबर है। बताया जाता है कि इस खामी के चलते प्लांट की उक्त इकाई को बंद करना पड़ा है। हालांकि, आज आई उक्त गड़बड़ी की अधिकृत पुष्टि नहीं हो सकी।
प्लांट प्रबंधन की कार्य क्षमता पर भी सवाल
संजय गांधी थर्मल प्रोजेक्ट की इकाई लगातार खराबी का शिकार हो रही है। जो रबी के इस सीजन में बिजली संकट को बढ़ाने वाला है। यह पहला अवसर नहीं है ,पिछले दो महीने में ही इस परियोजना में आधा दर्जन से अधिक बार इकाईयों में कामकाज तकनीकी गड़बड़ी के चलते बंद करना पड़ा। इससे प्लांट प्रबंधन की कार्य क्षमता भी सवालों के दायरे में बनी हुई है।
संयंत्र में बायलर ट्यूब लीकेज के कारण उत्पादन पहले भी बाधित हुआ है। बीते साल जनवरी महीने में ही बायलर ट्यूब लीकेज के चलते यह यूनिट बंद हो गई थी। साल 2021 के अंत में भी इसी तरह कई बार यह खराबी आई ।
जिले के बिरसिंहपुर पाली के मंगठार में स्थित संजय गांधी ताप विद्युत गृह में 1340 मेगावाट की कुल क्षमता में से केवल 565 मेगावाट बिजली ही पैदा हो रही है।