MP: रीवा का मऊगंज बनेगा मप्र का 53वां जिला,अगले 15अगस्त से होगा मान्य

रीवा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा के मऊगंज को जिला बनाने की घोषणा की है। इसके बाद मध्यप्रदेश में 53 जिले हो जाएंगे। नए जिले में मऊगंज, हनुमना, नईगढ़ी और देवतालाब तहसील होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को नवनिर्मित मऊगंज के जिला मुख्यालय में तिरंगा फहराया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने इसकी वकालत की थी। नया जिला बनने से लोगों में खुशी का माहौल है। बता दें कि नए जिले की कुल जनसंख्या 6 लाख 16 हजार 645 होगी। इनमें 6 लाख मतदाता होंगे। चारों तहसीलों में 1070 गांव, 12 राजस्व सर्किल और 264 पटवारी हलके होंगे।

मऊगंज जिले में मऊगंज व देवतालाब विधानसभा सीटें होंगी। शनिवार को मऊगंज पहुंचे शिवराज ने कहा- विधायक चार साल से बुला रहे थे, अब आना ही पड़ा।

इस अवसर पर उन्होंने संबल योजना के फायदे गिनाते हुए कहा कि हम जन्म से लेकर अंतिम विदाई तक के रुपए दे रहे हैं। शिवराज ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने तो कई योजनाओं को बंद कर दिया था। प्रदेश की बहनों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

738 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की दी सौगात

मुख्यमंत्री ने 738 करोड़ रुपए के 34 कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें से 73.56 करोड़ की लागत के 10 कार्य नए जिले में होंगे। उन्होंने राज्य स्तरीय समारोह में वर्चुअल माध्यम से संबल योजना के 27310 हितग्राहियों को 605 करोड़ रुपए की सहायता राशि सिंगल क्लिक से भेजी।

कार्यक्रम की शुरुआत में धक्का-मुक्की होने पर मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाने की अपील करते की। मुख्यमंत्री यहां आयोजित समारोह में वर्चुअल माध्यम से सिंगल क्लिक से संबल योजना के 27000 हितग्राहियों के बैंक खाते में 605 करोड़ रुपये अनुग्रह सहायता राशि भेजी।

बता दें कि अभी रीवा जिले में 2817 गांव, 12 तहसील, 857 पटवारी हल्के व 42 राजस्व निरीक्षक मंडल है। मऊगंज अभी रीवा जिले के 65 किलोमीटर दूर व हनुमना 105 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

…और ऐसे बनते गए नए जिले
ज्ञात हो कि वर्ष 2000 में मध्यप्रदेश का छत्तीसगढ़ से बटवारा हुआ। उस समय जिलों की संख्या 45 थी। 2003 में मुख्यमंत्री उमा भारती ने अनूपपुर, बुरहानपुर और अशोकनगर जिला बनाया।

ऐसे में जिलों की संख्या 48 हो गई। वर्ष 2008 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2 नए जिले बनाए। जिसमे अलीराजपुर को (झाबुआ से) और सिंगरौली को (सीधी से) बनाया। इसके बाद प्रदेश में जिला की संख्या 50 हो गई। 16 अगस्त 2013 को शाजापुर जिले को काटकर आगर मालवा जिला बनाया गया।


तब मप्र में 51 जिलों की संख्या हो गई। इसी तरह 1 अक्टूबर 2018 में निवाड़ी को (टीकमगढ़ से) काटकर जिला बनाया है। वर्तमान समय में जिलों की संख्या 52 है। ऐसे में रीवा का मऊगंज 53वां जिला कहलाएगा।

हालांकि 18 मार्च 2020 को तत्कालीन सीएम कमलनाथ द्वारा घोषित 3 नए जिले नहीं बन पाए है। आज भी सतना के मैहर को, उज्जैन के नागदा को और गुना के चाचौड़ा को जिला बनने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *