ग्वालियर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित पशुपालक सम्मेलन में घुड़दौड़ के दौरान दम तोड़ने वाली घोड़ी
‘तेजस्विनी’ की मौत का मामला अब आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
घोड़ी की मौत हृदयाघात (कार्डियक अरेस्ट) से होने की बात कही जा रही है,
लेकिन इसकी पुष्टि के लिए न तो पोस्टमार्टम कराया गया और न ही घोड़ी के मालिक ने सरकार से मुआवजे की मांग की।
हैरानी की बात यह है कि घटना के वक्त पशु चिकित्सा विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
वीडियो वायरल होने के बाद विभाग सक्रिय हुआ, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के कुछ मिनट बाद हुई थी।
दौड़ते-दौड़ते गिरी तेजस्विनी, सवार भी घायल
जिले के कुलैथ गांव में शुक्रवार को किसान कल्याण वर्ष के तहत पशुपालक सम्मेलन और पशु मेले का आयोजन किया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
मेले में पशुपालन और आधुनिक कृषि से जुड़ी प्रदर्शनी के साथ घुड़दौड़ और बैलगाड़ी दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं भी रखी गई थीं।
इसी दौरान चैतगांव से लाई गई तेजस्विनी नाम की घोड़ी घुड़दौड़ प्रतियोगिता में शामिल हुई।
तेज रफ्तार से दौड़ते समय वह अचानक लड़खड़ाई और मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ी।
घोड़ी पर सवार चंदेल सिंह भी संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरकर घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेजस्विनी गिरने के बाद उठ नहीं सकी और कुछ ही सेकंड में उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद प्रतियोगिता स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घोड़ी के मालिक और
वहां मौजूद लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया।
न पशु चिकित्सक पहुंचे, न पोस्टमार्टम हुआ

घटना के बाद पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं।
सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर पशु चिकित्सकों की टीम मौजूद थी, लेकिन
घोड़ी के गिरने के बाद विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर उसे देखने नहीं पहुंचा।
यही वजह रही कि मृत घोड़ी का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका।
वीडियो वायरल होने के बाद पशु चिकित्सा विभाग सक्रिय हुआ, लेकिन
उसकी सक्रियता फोन पर संपर्क करने तक सीमित रही।
विभाग के उप संचालक डॉ. दिलीप गुप्ता के मुताबिक, घोड़ी मालिक का फोन लगातार बंद आ रहा है। इसलिए उससे संपर्क नहीं हो पाया।
डॉ. गुप्ता ने स्वीकार किया कि घोड़ी का पोस्टमार्टम नहीं हुआ।
उन्हें भी घटना की जानकारी वायरल वीडियो के माध्यम से मिली।
उनके अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे लक्षणों से घोड़ी की मौत कार्डियक अरेस्ट से होने की आशंका है।
हालांकि, पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत के वास्तविक कारण की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हो सकी।
पशुओं को आराम का मौका नहीं, सीधे दौड़ में उतारने का दावा
पशु मेले में गायों की पूजा के साथ घुड़दौड़ और बैलगाड़ी दौड़ का आयोजन भी किया गया था।
इसके लिए दूरदराज के पशुपालक अपने जानवरों को लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे।
सूत्रों का दावा है कि पशुओं को पर्याप्त विश्राम दिए बिना ही प्रतियोगिताओं में शामिल कर लिया गया।
तेजस्विनी की मौत को भी इसी परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, यह अभी जांच का विषय है कि घोड़ी की मौत का कारण थकान थी या कोई अन्य चिकित्सकीय समस्या।
इस घटना ने प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले पशुओं की फिटनेस जांच,
आराम और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
9 कैबिन में 15 पशुओं की व्यवस्था, अफसरों को करनी पड़ी मशक्कत
सूत्रों के मुताबिक, पशु चिकित्सा विभाग को शुरुआत में प्रत्येक विकासखंड से 10 दुधारू
पशु लाने के निर्देश दिए गए थे। बाद में यह संख्या बढ़ाकर 15 कर दी गई।
लेकिन कार्यक्रम स्थल पर पशुओं को रखने के लिए केवल 9 कैबिन बनाए गए थे।
ऐसे में बाकी पशुओं को व्यवस्थित रखने में अधिकारियों को मशक्कत करनी पड़ी।
कार्यक्रम स्थल पर पशुओं से गंदगी न हो, इसके लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे।
पशुओं को बांधने और खड़ा करने की स्थिति बार-बार बदलनी पड़ी।
आयोजन की भव्य तैयारियों के बीच पशुओं की समुचित व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
गायों की पूजा के लिए बुलाए पंडितजी को गेट पर रोका
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में एक और दिलचस्प स्थिति सामने आई। मुख्यमंत्री को गायों की पूजा करनी थी।
इसके लिए प्रशासन ने पंडितजी को आमंत्रित किया था, लेकिन ऐन वक्त पर
सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से रोक दिया।
पुजारी के नहीं पहुंचने से अधिकारी कुछ देर के लिए असमंजस में पड़ गए।
बाद में वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने पर सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत की गई और पंडितजी को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश मिल सका।
यह घटना भी आयोजन के दौरान समन्वय और व्यवस्थाओं में हुई चूक की ओर इशारा करती है।
घोड़ी मालिक ने न पीएम कराया, न मुआवजा मांगा
तेजस्विनी की मौत के बाद उसके मालिक की भूमिका भी चर्चा में है।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मालिक ने न तो घोड़ी का पोस्टमार्टम
कराने की पहल की और न ही सरकार से किसी मुआवजे की मांग की।
पोस्टमार्टम नहीं होने से मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने का महत्वपूर्ण मौका भी खत्म हो गया।
ऐसे में हार्ट अटैक की बात विभागीय अधिकारी की वीडियो आधारित आशंका पर टिकी है।
अब सवाल यह है कि जब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पशुओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, तो
उनकी स्वास्थ्य जांच और आपातकालीन उपचार की जिम्मेदारी किसकी थी?
CM ने पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए की थीं बड़ी घोषणाएं
तेजस्विनी की मौत वाले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पशुपालक सम्मेलन को संबोधित करते हुए
मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी दुग्ध उत्पादक राज्य बनाने का लक्ष्य रखा था।
मुख्यमंत्री ने किसानों को उन्नत नस्ल की एक लाख बछिया IVF तकनीक के जरिए
उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में हितग्राहियों को आर्थिक सहायता भी दी गई।
– संबल योजना के 7 हजार से अधिक हितग्राहियों को 175 करोड़ रुपये अंतरित किए।
– सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 34 लाख हितग्राहियों को 207 करोड़ रुपये दिए।
– कुलैथ में पशुपतिनाथ मंदिर के निर्माण और विकास के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की।
आयोजन की भव्यता के बीच पशुओं की सुरक्षा पर सवाल
पशुपालक सम्मेलन का उद्देश्य पशुधन संरक्षण, उन्नत नस्लों और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना था।
लेकिन घुड़दौड़ के दौरान तेजस्विनी की मौत ने आयोजन की तैयारियों और पशुओं की सुरक्षा व्यवस्था को चर्चा में ला दिया है।
घटना के बाद तीन अहम सवाल सामने हैं। क्या प्रतियोगिता से पहले घोड़ी की स्वास्थ्य जांच हुई थी?
क्या मौके पर आपातकालीन पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध थी? और
क्या पशुओं को लंबी यात्रा के बाद पर्याप्त आराम दिया गया था?
इन सवालों के जवाब सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तेजस्विनी की
मौत एक अचानक हुई चिकित्सकीय घटना थी या आयोजन की व्यवस्थाओं में किसी चूक का भी इसमें योगदान था।