शिवकुमार जोगी,गुना। (96854 79787)
मध्य प्रदेश का गुना जिला इन दिनों आस्था, सेवा और भारतीय संस्कृति के अनूठे संगम का केंद्र बना हुआ है।
भैसाना गांव में आयोजित विशाल श्री राम महायज्ञ में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन का अंतिम दिन होने के चलते गुरुवार को पूरा क्षेत्र राममय नजर आया।
यह महायज्ञ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समानता और सेवा भाव का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा है। यहां न कोई वीआईपी व्यवस्था है, न राजनीतिक मंच।
बड़े अधिकारी हों या आम ग्रामीण-हर कोई एक ही पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण कर रहा है।
सतयुग जैसा माहौल
यज्ञ परिसर को पारंपरिक भारतीय संस्कृति के अनुरूप सजाया गया है। वैदिक मंत्रोच्चार, मिट्टी की सोंधी खुशबू, पारंपरिक वेशभूषा में सेवा कर रहे स्वयंसेवक और ऋषि-कुटिया जैसी सजावट श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव दे रही है।
सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन, पेयजल और विशाल पार्किंग व्यवस्था की गई है।
भीषण गर्मी के बावजूद हजारों स्वयंसेवक दिन-रात सेवा में जुटे हैं। स्वास्थ्य विभाग और सुरक्षा टीम भी लगातार निगरानी कर रही है।
भैसाना महायज्ञ अब प्रदेश में धार्मिक आयोजनों की नई पहचान बनता जा रहा है, जहां आस्था के साथ सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया जा रहा है।