Road Show: शिवपुरी में सिंधिया के साथ सीएम शिवराज ने किया रोड शो, बोले- टाइगर जिंदा है

शिवपुरी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ रोड शो किया। इसके बाद स्थानीय पोलो ग्राउंड में लाड़ली बहना संवाद एवं पर्यटन संवर्धन कार्यक्रम की शुरुआत अलग अंदाज में की।

उन्होंने बाघ पुनर्स्थापना को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के एक पुराने डायलाग से जोड़ते हुए कहा कि टाइगर जिंदा भी है और अब वापस भी आ गया है।

अपने ही समर्थक केपी यादव से हारने के कारण गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से रवानगी के बाद सिंधिया ने पहली बार मुख्यमंत्री शिवराज के साथ यहां रोड शो किया है। रोड शो के दौरान स्थानीय विधायक व सिंधिया की बुआ यशोधरा राजे सिंधिया मौजूद नहीं रहीं। वह सीधे कार्यक्रम के दौरान स्वागत भाषण देते नजर आई।

लाड़ली बहना मान सम्मान बढ़ाने वाली योजना

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना को महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ाने वाली योजना बताया। उन्होंने कहा कि बचपन से बेटी और बहन के साथ अन्याय होते देखा था। मन में भाव आया कि बेटी को वरदान बनाना है।

इसके बाद लाड़ली लक्ष्मी योजना आई और अब लाड़ली बहना योजना प्रस्तुत की है जो आपकी जिंदगी बदल देगी।

दो अंकुर मोतियों का हुआ पुनर्वास: सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग में दो अंकुर मोती होते थे एक कूनो और दूसरा माधव राष्ट्रीय उद्यान। दोनों मेरे पूर्वजों द्वारा इस सोच व विधारधारा के साथ स्थापित किए गए थे कि वन्य जीवन और मानवजाति के बीच संतुलन बना रहे।

जैसे-जैसे समय बीता इन अंकुर मोती से वन्य जीव लुप्त हो गए। अब 27 साल बाद बाघ आया है तो शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण आया है। इससे व्यवसाय बढ़ेगा, रोजगार बढ़ेगा और शिवपुरी की आर्थिक क्षमता आने वाले समय में बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *