MP:लाड़ली बहना की किस्त बनी खूनी टकराव की वजह, पूर्व पति की चाकू घोंपकर हत्या

लाड़ली बहना योजना की राशि निकालने बैंक पहुंची महिला के पूर्व पति और देवर के बीच विवाद हो गया। झड़प के दौरान देवर ने चाकू मार दिया, जिससे पूर्व पति की मौत हो गई।

गजेंद्र सिंह नागर,इछावर,सीहोर।
(8770639019)

सीहोर जिले के पचामा गांव में लाड़ली बहना योजना की राशि निकालने आई एक महिला के कारण उसके पूर्व और वर्तमान परिवार के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बैंक के बाहर हुए इस विवाद में महिला के पूर्व पति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, थूना कला निवासी महिला ने कुछ समय पहले बारवाखेड़ी निवासी प्रताप मालवीय से दूसरा विवाह किया था। शनिवार को वह अपने वर्तमान ससुराल पक्ष के सदस्य धर्मेंद्र मालवीय (देवर) के साथ पचामा स्थित बैंक में लाड़ली बहना योजना की किश्त की राशि निकालने पहुंची थी।

इसी दौरान महिला का पूर्व पति बबलू भी वहां पहुंच गया। बैंक परिसर के बाहर दोनों पक्षों का आमना-सामना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर धर्मेंद्र मालवीय ने चाकू निकालकर बबलू के पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बबलू खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के देवर द्वारा पूर्व पति की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।