लाड़ली बहनों के खातों में फिर आएगी खुशियों की राशि: 13 मई को गोटेगांव से जारी होगी 36वीं किस्त

भोपाल।
मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को 13 मई को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (Mohan Yadav) बड़ी सौगात देने जा रहे हैं।

नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव से ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की 36वीं किस्त जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 महिलाओं के बैंक खातों में 1835 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे।

1000 से बढ़कर 1500 रुपये प्रतिमाह

लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। प्रारंभ में पात्र महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे। बाद में इसे बढ़ाकर 1250 रुपये किया गया और नवंबर 2025 से राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई।

अब तक योजना के तहत 35 किस्तों के माध्यम से महिलाओं के खातों में 55 हजार 926 करोड़ रुपये से अधिक राशि डीबीटी के जरिए जमा कराई जा चुकी है।

महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ी

राज्य सरकार का दावा है कि योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। घरेलू खर्च, बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।

कई महिलाएं स्व-सहायता समूहों, छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार गतिविधियों से भी जुड़ी हैं। बैंक खातों में सीधे राशि पहुंचने से महिलाओं में वित्तीय जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ा है।

ग्रामीण से शहरी तक सभी वर्गों को लाभ

योजना का लाभ ग्रामीण, शहरी, आदिवासी, तलाकशुदा, परित्यक्त और कल्याणी महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों को मिल रहा है। आधार लिंक्ड बैंक खातों में सीधे राशि जमा होने से प्रक्रिया पारदर्शी और तेज बनी हुई है।

 यादव सरकार ने बढ़ाया बजट

राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लाड़ली बहना योजना में 23 हजार 882 करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रावधान किया है। सरकार इसे महिला सशक्तिकरण की प्रमुख योजनाओं में शामिल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *