अफवाह ने बढ़ाई मालवा के पेट्रोल पंपों पर भीड़,पुलिस ने संभाला मोर्चा,देवड़ा बोले- कोई संकट नहीं

धर्मेंद्र योगी,(देवास) / भोपाल।
मध्यप्रदेश में पेट्रोल संकट से ज्यादा “घबराहट का संकट” गहराता नजर आ रहा है। देवास में दूसरे दिन भी कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिलने की खबरों के बीच अब यह असर नीमच, झाबुआ, आगर मालवा, शाजापुर और धार तक फैल गया है।

‘अफवाह’ ने बढ़ाई परेशानी


देवास में जहां कुछ पंपों पर सप्लाई रुकने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं,बाकी जिलों में पेट्रोल खत्म होने और कीमत बढ़ने की अफवाह ने हालात बिगाड़ दिए। लोग टंकियां फुल कराने उमड़ पड़े, नतीजा-जहां पर्याप्त स्टॉक था, वहां भी दबाव बढ़ गया।

टंकी फुल कराने की होड़, कई जगह राशनिंग

कई पंपों पर लंबी कतारें लगीं। इसके चलते ,पेट्रोल पंप संचालकों को सीमित मात्रा में पेट्रोल—डीजल देना पड़ा।

पंपों पर भीड़ बढ़ती देख देवास में कुछ पंप संचालकों ने पंप को बंद कर दिया।  इससे लोगों की नाराजगी बढ़ी।
आगर मालवा में धक्का-मुक्की तक की नौबत आई। झाबुआ में भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।

किसानों की बढ़ी चिंता
धार और आसपास के इलाकों में किसान केन लेकर पंपों पर पहुंचे। डीजल की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ी। दरअसल,खेती-किसानी का काम इससे सीधे जुड़ा है।

भुगतान अटकने से रोकी आपूर्ति

जानकारों के मुताबिक,इंदौर के मांगल्या डिपो से सप्लाई सामान्य है, लेकिन कुछ डीलरों पर बकाया भुगतान।

अग्रिम राशि की शर्त और टैंकर देरी से पहुंचने से कुछ पंपों पर पेट्रोल-डीजल की कमी हुई। इससे ईंधन तेल संकट की अफवाह को बल मिला। खबर आग की तरह फैली।

सरकार और प्रशासन का दावा

 

देवास जिले के प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंगलवार को देवास प्रवास पर थे। वह जिले में आयोजित एक शासकीय कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ की जानकारी मिलने पर उन्होंने लोगों से धैर्य रखने की अपील की। उप मुख्यमंत्री ने कहा- “पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है,अफवाहों से बचें।

उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में युद्ध के चलते वैश्विक संकट की स्थिति है,लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के चलते भारत में पेट्रोलियम पदार्थों की फिलहाल कोई कमी नहीं है।

वित्त मंत्री ने कहा कि उन्होंने जिले के कलेक्टर व एसपी को हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

पेट्रोलियम कंपनियों ने भी की अपील

इधर,पेट्रोलियम कंपनियों ने भी उपभोक्ताओं से अफवाह से बचने की अपील की।कंपनियों की ओर से बताया गया कि ईंधन तेल की कोई कमी नहीं है।

कुछ जगह आपूर्ति में देरी के चलते दिक्कतें आईं। इन्हें समय रहते दूर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *