जंग का असर: होर्मुज में कंट्रोल गेम,पाक जहाज रोका,भारत के 5 शिप निकले सुरक्षित

तेल अवीव,एजेंसी।

तेल आपूर्ति की सबसे अहम धुरी होर्मुज स्ट्रेट अब जंग का नया रणक्षेत्र बन रहा है। ईरान ने सख्त रुख अपनाते हुए पाकिस्तान जा रहे एक जहाज को बीच रास्ते में रोक दिया। दूसरी ओर, भारत के 5 जहाज इसी मार्ग से सुरक्षित निकल गए।

संघर्ष का आज 26वां दिन

  अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 26वां दिन है। ईरान  के नेवी कमांडर अलीरेजा तंगसीरी ने दोहराया कि बिना अनुमति कोई भी जहाज होर्मुज पार नहीं कर सकेगा।

‘सेलेन’ नाम के जहाज को इसी नियम के तहत रोका गया, जो कराची जा रहा था। तंगसीरी ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर हैं।

काम नहीं आई कवायद

दिलचस्प यह है कि यह घटनाक्रम ऐसे वक्त हुआ है जब पाकिस्तान खुद इस जंग में मध्यस्थ बनने की कोशिश कर रहा है।

पाक पीएम शहबाज शरीफ ने हाल ही में ईरान के राष्ट्रपति से बातचीत भी की थी। इसके बावजूद उसके जहाज को रोकना ईरान के कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

भारत प्रभावित नहीं

दूसरी ओर, भारत के लिए राहत की खबर है। जंग के बीच भारत के 5 एलपीजी और तेल टैंकर- जग वसंत,पाइन गैस,शिवालिक, नंदा देवी और जग लाड़की-सुरक्षित रूप से होर्मुज पार कर चुके हैं।

यह संकेत देता है कि वैश्विक तनाव के बीच भी भारत की ऊर्जा आपूर्ति फिलहाल प्रभावित नहीं हुई है।

जंग की मानवीय कीमत भारी

इस संघर्ष का असर सिर्फ समुद्र तक सीमित नहीं है, जमीन पर हालात और भी भयावह हैं—

युद्ध में अब तक करीब 26सौ से ज्यादा लोग मारे गए हैं। इनमें दो सौ से अधिक महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, 18,500 से ज्यादा घायल हैं।

इनमें अबोध शिशु से लेकर बुजुर्ग तक शिकार हैं। बीते दिनों एक स्कूल पर अमेरिकी हमले में 168 बच्चों की जान चली गई थी। हमलों में 55 स्वास्थ्य कार्यकर्ता घायल हैं। जबकि 11 मारे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *