मप्र में सभी बूथों को मजबूत करने पर फोकस करेगी ‘AAP ‘ : रानी अग्रवाल

भोपाल। मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए सक्रिय हो गई है। पार्टी में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली मेयर रानी अग्रवाल ने कहा कि हमारा फोकस प्रदेश के सभी बूथों को मजबूत करने पर है। वहीं विधानसभा स्तर पर भी बैठकें लगातार हो रही हैं और रणनीति तैयार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब का चुनावी फार्मूला मप्र में भी अपनाया जायेगा। इसकी रणनीति बनाई जा रही है । उन्होंने भरोशा जताया कि हमें निश्चित तौर पर सफलता हासिल होगी।

हर बूथ पर होगी पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम
सुश्री अग्रवाल ने कहा कि हमारी कोशिश प्रदेश के 66 हजार बूथों तक संगठन विस्तार करने की है। प्रत्येक बूथ पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जा रही है। यह मजबूत टीम चुनावी प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आप प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर मध्यप्रदेश की जनता और लोग बड़ी ही उम्मीद से देख रहे हैं और पार्टी से जुड़ भी रहे हैं। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आएंगे पार्टी से और लोग जुड़ेंगे, क्योंकि मध्यप्रदेश में जनता अब विकल्प चाहती है।

लोग भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों को देख चुकी है और समझ चुकी है दोनों ही पार्टियां एक थैली के चट्टे बट्टे हैं। इनके लिए राजनीति सेवा का माध्यम नहीं बल्कि घोटाला कर अपना घर भरना है। वहीं आम आदमी पार्टी के लिए राजनीति सेवा का जरिया है।

बीजेपी ,कांग्रेस से ऊबी जनता
अग्रवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी से जनता ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है और कांग्रेस पर जनता का भरोसा नहीं रहा। 2018 में जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया था और उनकी सरकार भी बनी लेकिन आपसी खींचतान में कांग्रेस सरकार भी नहीं चला सकी।

उन्होंने कहा कि अब जनता भी जान चुकी है कि कांग्रेस अंदरूनी कलह में उलझी है इसीलिए अब मध्यप्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को विकल्प के तौर पर देख रही है। हम प्रदेश में सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर सरकार भी बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *