तेहरान।
ईरान में बिना हिजाब पहने गाना गाने की कीमत एक महिला गायिका को 74 कोड़ों की सजा के रूप में चुकानी पड़ी।
गायिका परस्तू अहमदी और उनके चार साथियों को सोमवार (23 नवंबर) को यह सजा दी गई।
मामला दिसंबर 2024 में यूट्यूब पर प्रसारित उनके एक लाइव कॉन्सर्ट से जुड़ा है।
इस कार्रवाई ने ईरान में महिलाओं की आजादी, धार्मिक नियमों और

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर अंतरराष्ट्रीय बहस फिर तेज कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स और मानवाधिकार संगठन हेंगॉ के मुताबिक, गायिका के साथ तीन
संगीतकारों और एक प्रोडक्शन टीम के सदस्य को भी 74-74 कोड़े मारे गए।
अदालत ने इनके खिलाफ दो साल तक संगीत और कलात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने तथा विदेश यात्रा करने पर भी रोक लगाई है।
27 मिनट के कॉन्सर्ट ने खड़ा किया विवाद

यह पूरा मामला 11 दिसंबर 2024 का है। परस्तू अहमदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर
करीब 27 मिनट का एक लाइव कॉन्सर्ट प्रसारित किया था।
इसमें वे बिना हिजाब और बिना आस्तीन वाली काली ड्रेस पहनकर चार पुरुष संगीतकारों के साथ गाती दिखाई दी थीं।
उन्होंने ईरान का लोकप्रिय देशभक्ति गीत ‘अज खूने जवानाने वतन’ (मातृभूमि के युवाओं के खून से) प्रस्तुत किया था।
यह कार्यक्रम ऐतिहासिक दैर-ए-गचीन कारवांसराय में रिकॉर्ड किया गया था।
वीडियो सामने आने के बाद ईरानी अधिकारियों ने इसे नियमों का उल्लंघन माना।
गायिका और उनके कुछ साथियों को हिरासत में भी लिया गया था। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
जून में सुनाई गई थी सजा, अपील भी खारिज

कुम की आपराधिक अदालत ने जून 2026 में परस्तू अहमदी और उनके आठ सहयोगियों को
सार्वजनिक शालीनता के उल्लंघन तथा कथित अश्लील ऑनलाइन सामग्री प्रकाशित करने के आरोप में दोषी ठहराया था।
अदालत ने 74 कोड़े मारने के साथ दो साल तक विदेश यात्रा और कलात्मक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया था।
आरोपियों ने इन आरोपों से इनकार किया था।
सितंबर के अंत में अपीलीय अदालत ने भी सजा बरकरार रखी।
इसके बाद 23 नवंबर को गायिका और उनके चार साथियों पर कोड़े मारने की सजा लागू की गई।
बाकी चार दोषियों के खिलाफ सजा लागू होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने जताया था विरोध
मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने अक्टूबर में इस सजा का विरोध किया था।
संगठन ने ईरानी अधिकारियों से कोड़े मारने की सजा लागू नहीं करने की अपील की थी।
मानवाधिकार संगठनों ने इस तरह की शारीरिक सजा को यातना और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार मानकों का उल्लंघन बताया है।
महसा अमिनी की मौत के बाद तेज हुआ था हिजाब विरोधी आंदोलन

ईरान में 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना कानूनी रूप से अनिवार्य है।
महिलाओं के सार्वजनिक गायन और पहनावे पर भी प्रतिबंध हैं।
सितंबर 2022 में 22 वर्षीय महसा अमिनी की हिरासत में मौत के बाद इन नियमों के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन शुरू हुए थे।
महसा को कथित तौर पर हिजाब संबंधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
उनकी मौत के बाद हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरीं। ‘वुमन, लाइफ, फ्रीडम’
आंदोलन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा। सरकार ने प्रदर्शनों पर सख्ती से कार्रवाई की।
परस्तू अहमदी भी इससे पहले हिजाब संबंधी प्रतिबंधों के विरोध में अपने गीतों और प्रस्तुतियों के कारण चर्चा में रही हैं।
उनका मामला अब एक बार फिर ईरान में महिलाओं के अधिकारों और कला की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े कर रहा है।
Keywords:
-
परस्तू अहमदी (Parastoo Ahmadi)
-
ईरानी गायिका को 74 कोड़े (Iranian singer 74 lashes)
-
ईरान हिजाब विवाद (Iran Hijab Controversy)
-
बिना हिजाब कॉन्सर्ट (Hijab Free Concert)
-
ईरान महिला अधिकार (Iran Women Rights)
-
महसा अमिनी (Mahsa Amini)
-
ईरान में महिलाओं पर प्रतिबंध (Restrictions on Iranian Women)