MP ब्यूरोक्रेसी में सत्ता हस्तांतरण: अनुराग जैन की विदाई, अशोक बर्णवाल ने संभाली कमान,राज्यपाल से भी मिले

मध्यप्रदेश में प्रशासनिक नेतृत्व का बदलाव पूरा हुआ। अनुराग जैन ने नीति आयोग जाने से पहले मंत्रालय में विदाई ली, जबकि नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने पदभार संभालकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मुलाकात की।

भोपाल।

(9826019364)

मध्यप्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया गुरुवार को औपचारिक रूप से पूरी हो गई। एक ओर अनुराग जैन ने नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नई जिम्मेदारी संभालने से पहले मंत्रालय में अधिकारियों से विदाई मुलाकात की, वहीं नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने पदभार ग्रहण कर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट के साथ नई पारी की शुरुआत की।

‘अब छुट्टी मिलना आसान नहीं होगा’

मंत्रालय में पूरे दिन अनुराग जैन से अधिकारियों और कर्मचारियों की मुलाकातों का सिलसिला चलता रहा। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

अनौपचारिक बातचीत में अनुराग जैन ने कहा कि नीति आयोग में कार्यभार संभालने से पहले वे कुछ दिन अवकाश पर रहेंगे। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि नई जिम्मेदारी शुरू होने के बाद छुट्टी मिलना आसान नहीं होगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार भी जताया।

बर्णवाल ने संभाली कमान, राज्यपाल से लिया मार्गदर्शन

नवनियुक्त मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने गुरुवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इसके बाद वे लोकभवन पहुंचे, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात कर नई जिम्मेदारी के निर्वहन को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

सूत्रों के अनुसार, आगामी कार्यदिवस से बर्णवाल विभागीय समीक्षा बैठकों और प्रशासनिक समन्वय की शुरुआत करेंगे।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से भी कर चुके हैं मुलाकात

 

मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने से पहले अशोक बर्णवाल, अनुराग जैन के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीएम निवास पर मुलाकात कर चुके थे। आदेश जारी होने के बाद उन्होंने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से भी शिष्टाचार भेंट की।

याद किया गया अनुराग जैन का कार्यकाल

मंत्रालय में आयोजित विदाई समारोह में अक्टूबर 2024 से मुख्य सचिव के रूप में अनुराग जैन के कार्यकाल की उपलब्धियों और प्रशासनिक फैसलों का उल्लेख किया गया। अधिकारियों ने उनके नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।