‘ये शादी होने नहीं वाली…’ चैट ने खोले नए राज: केतन हत्याकांड में 24 दिन पुराना संदेश जांच के घेरे में

केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया की 24 दिन पुरानी स्नैपचैट चैट सामने आई है। ‘ये शादी होने नहीं वाली’ संदेश ने मामले की जांच को नया मोड़ दे दिया है।

पुणे।

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक वायरल स्नैपचैट बातचीत ने नया मोड़ ला दिया है। हत्या से करीब 24 दिन पहले आरोपी मंगेतर सिया गोयल ने अपनी एक दोस्त को भेजे संदेश में लिखा था— “ये शादी होने नहीं वाली…”। अब यह चैट पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है।

शादी की तैयारियों के बीच आया चौंकाने वाला संदेश

25 मई को हुई कथित बातचीत में सिया ने अपनी दोस्त से शादी से जुड़ी बुकिंग के लिए आधार कार्ड की कॉपी मांगी थी। इसी दौरान उसने लिखा, “शादी की टिकट के लिए आधार कार्ड फ्रंट-बैक भेज दे, जो होने नहीं वाली, लेकिन फिर भी भेज दे।” इस संदेश ने मामले में पूर्व नियोजित साजिश की आशंकाओं को और गहरा कर दिया है।

मंगेतर और कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले से केतन अग्रवाल को धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में तय थी।

कोडवर्ड में होती थी बातचीत

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी आपसी संवाद में कोडवर्ड, निकनेम और इमोजी का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल से डिलीट डेटा रिकवर किया है और सांकेतिक भाषा को समझने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

पुलिस ने सिया के घर से बरामद एक अन्य मोबाइल फोन भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है।

न्यायिक हिरासत में आरोपी

 

वडगांव अदालत ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों फिलहाल येरवडा जेल में हैं। पुलिस की कस्टडी बढ़ाने की मांग अदालत ने खारिज कर दी।

कोर्ट में दोनों आरोपियों ने नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने से इनकार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि आरोपियों की सहमति के बिना ऐसे परीक्षण नहीं कराए जा सकते।

तीसरे व्यक्ति की भूमिका की भी जांच

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने बीड जिले के एक युवक को हिरासत में लिया है। आशंका जताई जा रही है कि उसे हत्या की कथित साजिश की जानकारी थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या वह मामले में गवाह बन सकता है।