होर्मुज में मिसाइल हमला, भारतीयों पर संकट: 3 लापता, अमेरिका से जवाब मांग रहा भारत

“होर्मुज स्ट्रेट के पास ऑयल टैंकर पर मिसाइल हमले में 3 भारतीय लापता हो गए। 21 भारतीयों को बचा लिया गया है। भारत ने अमेरिकी राजनयिक को तलब कर जवाब मांगा है।”

तेल अवीव/तेहरान(Agency)।

दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट के पास एक ऑयल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है।

हमले में जहाज के इंजन रूम में आग लग गई, जिससे उसमें सवार चालक दल के सदस्यों की जान खतरे में पड़ गई।

‘सेत्तेबेल्लो’ नामक इस टैंकर पर कुल 28 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल थे। राहत और बचाव अभियान के दौरान 21 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि 3 भारतीय अब भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है।

आग की चपेट में आया इंजन रूम

जानकारी के अनुसार, पलाऊ के झंडे वाले इस टैंकर पर उस समय हमला हुआ जब वह ओमान के सोहार बंदरगाह से करीब 37 किलोमीटर दूर समुद्री क्षेत्र में मौजूद था। मिसाइल लगने के बाद जहाज के इंजन रूम में भीषण आग भड़क उठी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

भारत सरकार की बढ़ी चिंता

घटना के बाद भारत सरकार ने स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। लापता भारतीयों का पता लगाने और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

अमेरिका से मांगा जवाब

मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत ने नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी राजनयिक (चार्ज द अफेयर्स) जेसन मीक्स को तलब किया है। सरकार ने घटना को लेकर विस्तृत जानकारी और स्पष्टीकरण मांगा है।

वैश्विक व्यापार के लिए अहम है होर्मुज

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे व्यस्त तेल परिवहन मार्गों में गिना जाता है। इस क्षेत्र में बढ़ता सैन्य तनाव न केवल समुद्री सुरक्षा बल्कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए भी चिंता का विषय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *