जगदलपुर
नए शिक्षा सत्र के शुरू होने से पहले परिवहन विभाग ने स्कूल बसों की जांच कर रहा है। इसी के तहत हर प्राइवेट स्कूल के संचालकों को बसों व अन्य स्कूल वाहनों की जांच कराने के लिए निर्देश आरटीओ ने दिए थे, लेकिन इस आदेश का पालन स्कूल संचालकों ने नहीं किया। आलम यह रहा कि सभी प्राइवेट स्कूलों के175 वाहनों की जगह केवल 29 वाहन ही जांच में पहुंचे। इसमें भी सात बसों का परमिट नहीं पाए जाने पर मौके पर परमिट के लिए आवेदन करवाया गया तो वहीं दूसरी ओर दो वाहनों पर परमिट नहीं होने के चलते एक-एक हजार रुपए का जुमार्ना किया गया।
आरटीओ रिषभ नायडू ने बताया कि जिले के समस्त संचालित शैक्षणिक संस्थानों के 175 स्कूल बसों की जांच करने के लिए नोटिस दिया गया। इसमें से सिर्फ 29 स्कूल बसें ही जांच करने के लिए पहुंची, जिसकी जांच की गई, जिसमें से 2 स्कूल बसों में खामियां मिली और उन पर दो हजार रुपए का जुमार्ना किया गया, वहीं 146 स्कूल बसों के जांच करवाने के लिए नहीं पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन को नोटिस दिया गया है, उसके बाद भी स्कूल बसें नहीं पहुंचने पर उनका पंजीयन निरस्त किया जाएगा।















