अडानी ग्रुप पर NSE की निगरानी
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अडानी ग्रुप की तीन कंपनियों को एडिशनल सर्विलांस मेजर्स (ASM) के तहत रखने का फैसला लिया है। इन तीन कंपनियों में अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises), अडानी पोर्ट (Adani Port) और अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) शामिल हैं। इस कदम का मकसद अडानी ग्रुप के शेयरों में उतार-चढ़ाव को कम करना है, इसके साथ ही अब इन शेयरों पर निगरानी भी बढ़ जाएगी। यह नया नियम शुक्रवार, 3 फरवरी, 2023 से लागू होगा।
एडिशनल सर्विलांस मेजर्स में कंपनी को रखने को किसी कार्रवाई की तरह नहीं देखा जाता है। इसका मकसद शेयरों की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव पर अंकुश लगाना होता है। यह SEBI और एक्सचेंज की पहल का एक हिस्सा है, जिसे मार्केट पर भरोसा बढ़ाने और निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए बनाया गया है। इसका मतलब ये भी है कि इंट्रा डे ट्रेडिंग के लिए भी 100% अपफ्रंट मार्जिन की जरूरत होगी और इससे शॉर्ट सेलिंग पर अंकुश लगेगा।