नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे (Pheriche) हेलीपैड पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को भी चोटें आई हैं।
हादसे में शामिल हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर (Fishtail Air) और एयर डायनेस्टी (Air Dynasty) कंपनियों के बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
Scary footage of chopper crash in Everest region this morning danger ⚠️ https://t.co/JtxKR6FZB9
— स्वारी ;)) (@ptkums) November 3, 2026
सुबह करीब 8:11 बजे हुआ हादसा
नेपाल के स्थानीय मीडिया और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे हुआ। दोनों हेलीकॉप्टर सोलुखुम्बु जिले के खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित फेरीचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान दोनों विमान आपस में टकरा गए और दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे के कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है।
भारतीय पर्यटक की हुई पहचान
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय पर्यटक की पहचान वसंत कुमार बालारामारामाडु (Vasanth Kumar Balaramaramadu) के रूप में हुई है। वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। उनका शव लुकला के एक अस्पताल ले जाया गया।
इसी हेलीकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड के भारतीय मूल के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी घायल हुए। उन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।
दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को भी मामूली चोटें आई हैं। उन्हें आगे के इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
एवरेस्ट क्षेत्र में पर्यटकों के लिए हेलीकॉप्टर अहम साधन
नेपाल का सोलुखुम्बु जिला माउंट एवरेस्ट और खुम्बू क्षेत्र में ट्रेकिंग तथा पर्वतारोहण के लिए दुनिया भर में मशहूर है। यहां हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक और पर्वतारोही पहुंचते हैं।
इस दुर्गम पहाड़ी इलाके में हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल पर्यटकों को लाने-ले जाने, सामान पहुंचाने और आपातकालीन मेडिकल निकासी के लिए किया जाता है। कई जगहों पर सड़क और अन्य परिवहन सुविधाएं सीमित होने के कारण हेलीकॉप्टर अहम भूमिका निभाते हैं।
हालांकि, ऊंचाई, बर्फीले लैंडिंग स्थल और तेजी से बदलते मौसम के कारण यहां विमान संचालन चुनौतीपूर्ण रहता है।
हादसे की जांच जारी, कारणों का इंतजार
हादसे के बाद नेपाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्टों में हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग के दौरान टक्कर की बात सामने आई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, पायलटों के बीच समन्वय की कमी, मौसम या किसी अन्य वजह से हुई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़ी और जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
फिलहाल इस दुर्घटना में एक भारतीय पर्यटक की मौत की पुष्टि हुई है। एक अन्य यात्री और दोनों पायलट घायल हुए हैं।