MP: मंच से CM का बड़ा एक्शन;7 अफसर-कर्मचारी सस्पेंड, बोले- जनता के काम में लापरवाही नहीं चलेगी

बड़वानी में जन विश्वास अभियान के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने CM हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा कर लापरवाही पर 7 अफसर-कर्मचारियों के निलंबन के निर्देश दिए। साथ ही कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

बड़वानी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ कर दिया कि अब जनता की शिकायतों को लंबित रखना अधिकारियों को भारी पड़ सकता है।
जन विश्वास अभियान के तहत सीएम शुक्रवार को बड़वानी पहुंचे।

यहां उन्होंने CM हेल्पलाइन और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की।

लापरवाही सामने आने पर उन्होंने 7 अफसर-कर्मचारियों के निलंबन के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की इस ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई के दायरे में एक डिप्टी कलेक्टर भी आए।

इनके अलावा दो पटवारी, दो मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO), एक सहायक यंत्री व एक तत्कालीन CEO शामिल हैं।

वहीं नगरीय प्रशासन के संयुक्त संचालक एस.के. सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

इन पर गिरी कार्रवाई की गाज

1-आशा परमार – वर्तमान डिप्टी कलेक्टर, धार
2-मांगीलाल नरगावे – पटवारी
3-ललित बोरसे — पटवारी
4-मायाराम सोलंकी – सीएमओ
5-जगदीश धांगड़ – पूर्व सीएमओ
6-राजू डाबर – सहायक यंत्री नपा राजपुर
7-सौरभ सिंह राठौर – वर्तमान जिला संयोजक, अजा विभाग मुरैना

8-एस.के. सिन्हा- संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन Indore-कारण बताओ नोटिस

CM हेल्पलाइन की शिकायतों पर सीधे कार्रवाई

समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय परिसर में हुई।

बैठक में सीएम ने लंबित शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा की।

उन्होंने दो टूक कहा कि जनता को योजनाओं का लाभ तय समय में मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सीएम हेल्प लाइन की निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए।

सीएम ने कहा-लापरवाही मिलने पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पीएम किसान की शिकायत ने फंसाए अधिकारी

राजपुर तहसील में किसान सम्मान निधि के भुगतान में देरी की शिकायत सही मिली।
इस पर सीएम ने कड़ा रुख अपनाया।
उन्होंने तत्कालीन तहसीलदार स्तर के अधिकारी और संबंधित पटवारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए।
इसी तरहपीएम आवास की शिकायत पर दो CMO और इंजीनियर पर कार्रवाई हुई।

संबल योजना की सहायता में देरी भी पड़ी भारी

पानसेमल में संबल योजना के तहत भुगतान में भी लापरवाही सामने आई।
इस मामले में तत्कालीन CEO सौरभ सिंह राठौर को निलंबित किया गया।

मंदिर दर्शन से स्कूल निरीक्षण तक, बच्चों से भी मिले CM

बड़वानी दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री ने तलून स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के साथ की।
इसके बाद वे ग्राम बोरलाय के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे।

यहां मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत भी की।

सीएम ने उनसे पढ़ाई व सुविधाओं की जानकारी भी ली।

किसानों और उद्यमियों से भी सीधा संवाद

समाधान कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधी बात की।

इसी तरह,उद्यमियों से बातचीत में उद्योग व सरकारी योजनाओं पर चर्चा हुई।

नर्मदा किनारे 25 करोड़ के नए घाटों की घोषणा

मुख्यमंत्री ने करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से नर्मदा किनारे नए घाट विकसित करने की घोषणा की।

उन्होंने इसके कस्तूरी कॉटन को बढ़ावा देने की बात भी कही।

इसी तरह, पानसेमल में पीजी कोर्स शुरू करने और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की घोषणा की।

जाम, दो घंटे फंसी स्कूल बसें

मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान रूट डायवर्जन का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया।

शहर के ओलंपिक सर्कल चौराहे पर स्कूल बसें करीब दो घंटे तक जाम में फंसी रहीं।

दूसरी ओर, काले झंडे दिखाने जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।