इंदौर।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच का दायरा मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच की मदद से हरियाणा के सोनीपत निवासी 22 वर्षीय प्रांजल ठाकरान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर फायरिंग की साजिश में शामिल लोगों को लॉजिस्टिक मदद देने का संदेह है।
हथियारों की व्यवस्था में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस गिरफ्तारी के साथ मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या 11 बताई जा रही है।
पुलिस ने इससे पहले दस अन्य का दबोचा। इनमें दो लड़कियां भी शामिल हैं।
पांच दिन पहले भाई के इलाज के लिए आया था इंदौर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रांजल ठाकरान करीब पांच दिन पहले इंदौर आया था।
वह अपने भाई के इलाज के सिलसिले में यहां पहुंचा था।
मुंबई क्राइम ब्रांच को उसके इंदौर में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद मुंबई और इंदौर क्राइम ब्रांच की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने संदिग्ध की भूमिका को लेकर स्थानीय इंदौर पुलिस से संपर्क किया था।
इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया।
इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
अब मुंबई पुलिस उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों से संपर्कों की जांच कर रही है।
हथियारों की सप्लाई से लेकर आर्थिक मदद तक की जांच
पुलिस की जांच अब केवल फायरिंग करने वाले शूटरों तक सीमित नहीं है।
एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात के लिए हथियार किसने उपलब्ध कराए।
आरोपियों को आर्थिक मदद किसने दी और उन्हें भागने में किसने सहायता पहुंचाई, इसकी भी पड़ताल हो रही है।
प्रांजल से पूछताछ में इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
पुलिस उसके संपर्कों और दूसरे संदिग्धों से संबंधों की जांच कर रही है।
हालांकि, हथियारों की सप्लाई में उसकी सटीक भूमिका अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है।
सूरत में मिले दो हथियार, जांच को मिला नया सिरा

(वारदात में उपयोग की गई पल्सर मोटर सायकिल भी हुई बरामद।)
इस मामले में जांच एजेंसियों को गुजरात के सूरत से भी अहम सुराग मिले हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को सूरत में दो हथियार और 10 कारतूस बरामद किए थे।
पुलिस हथियारों के स्रोत और फायरिंग में उनके इस्तेमाल की जांच कर रही है।
इंदौर से हुई गिरफ्तारी के बाद हथियारों की सप्लाई और आरोपियों के नेटवर्क को जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, बरामद हथियारों और प्रांजल की भूमिका के बीच संबंध की पुष्टि होना बाकी है।
सोनीपत से पकड़े गए आरोपियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
इससे पहले हरियाणा के सोनीपत से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, इन पर फायरिंग की साजिश में अलग-अलग भूमिकाएं निभाने का आरोप है।
जांच में एक आरोपी पर मुंबई में रेकी करने, दूसरे पर अनिल पंडित के संपर्क में रहने और
तीसरे पर हथियार की व्यवस्था करने का आरोप सामने आया है।
इन दावों की पुष्टि के लिए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।
तीनों को मुंबई की अदालत ने 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर ली गई थी जिम्मेदारी
18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग हुई थी।
अभिनेता सुरक्षित बच गए थे, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करते हुए वारदात की जिम्मेदारी ली गई थी।
पुलिस इस दावे और कथित नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।
अब जांच एजेंसियों का फोकस यह पता लगाने पर है कि फायरिंग की योजना किसने बनाई,
हथियार कहां से आए और वारदात को अंजाम देने वालों को किस-किस ने मदद दी।
इंदौर से हुई गिरफ्तारी इस जांच की एक महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।
Keywords:
- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस
- Tiger Shroff Firing Case
- इंदौर में आरोपी गिरफ्तार
- प्रांजल ठाकरान गिरफ्तार
- मुंबई क्राइम ब्रांच
- लॉरेंस बिश्नोई गैंग
- टाइगर श्रॉफ कार फायरिंग
- सूरत में हथियार बरामद
- सोनीपत आरोपी गिरफ्तारी