MP:बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा;गुस्साए ग्रामीणों ने किया पथराव,रथ के कांच फोड़े

मनासा(Janprachar.com)। नीमच में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर जमा कर यात्रा को रोकने की कोशिश की। लेकिन जब यात्रा नहीं रुकी तो पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस हमले में यात्रा में शामिल वाहनों के कांच फूट गए।

घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर रामपुरा क्षेत्र के राउली कुड़ी गांव में हुई। यात्रा पर हमले की वजह चीता प्रोजेक्ट को लेकर विरोध भी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वन विभाग जंगल में फेंसिंग कर रहा है। जिससे ग्रामीणों के पशुओं को आने.जाने नहीं दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर ग्रामीण भड़क गए।

यात्रा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, बंशीलाल गुर्जर और मनासा विधायक माधव मारू भी यात्रा के साथ थे। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस ने ये हमला कराया है।
कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया को बताया – ‘हमारी यात्रा आगे बढ़ रही थी। मनासा और रामपुरा में यात्रा का जोरदार स्वागत हुआ। रामपुरा के आगे रावली कुड़ी गांव में कुछ लोगों ने पशुओं को जाने नहीं देने को लेकर फॉरेस्ट के लोगों की शिकायत की। हमने उन्हें समस्या हल करने का भरोसा दिया और आगे बढ़ गए। तभी 15 से 20 लोगों ने जय कमलनाथ के नारे लगाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमें समझ ही नहीं आया कि हो क्या रहा है। पुलिस उन्हें रोकती तब तक कई वाहनों के कांच फूट गए।’

वीडी का आरोप- प्लानिंग के साथ किया हमला

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का आरोप है कि कांग्रेस के अपराधियों और गुंडों ने यात्रा पर पथराव किया है। वीडी ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जनसमर्थन से कांग्रेस घबरा गई है। प्लानिंग के साथ पेड़ों के पीछे छिपकर यात्रा पर हमला किया गया है।

वीडी शर्मा ने कहा कि इसका जवाब दिया जाएगा। ऐसे गुंडे लोगों को छोड़ेंगे नहीं। कांग्रेस का यह कृत्य दुर्भाग्य जनक है। इसकी कड़ी आलोचना करता हूं। यात्रा और सफलता के साथ आगे बढ़ेगी। यह गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर चलने नहीं देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *