कोटा/शंभूपुरा।
राजस्थान में धार्मिक यात्रा से लौट रहे महाराष्ट्र के एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
खाटूश्याम जी के दर्शन कर घर लौट रहे परिवार की क्रूजर गाड़ी कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।
भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों में दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।
हादसे में ट्रक चालक समेत 7 लोग घायल हुए हैं।
हादसा शनिवार देर रात करीब एक बजे कोटा के नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर में सवार लोग गाड़ी में बुरी तरह फंस गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला।
सभी को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन गाड़ियों में निकला था 36 रिश्तेदारों का परिवार

(कोटा उदयपुर हाईवे पर हुए हादसे में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।)
पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के धुले का रहने वाला यह परिवार मंगलवार को धार्मिक यात्रा पर निकला था।
परिवार के कुल 36 सदस्य तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे।
यात्रा के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन में दर्शन किए।
इसके बाद राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए शनिवार सुबह करीब 11 बजे खाटूश्याम जी पहुंचे थे।
दर्शन के बाद परिवार वापस घर लौट रहा था।
इसी दौरान एक क्रूजर गाड़ी शंभूपुरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
क्रूजर में एक ही परिवार के 15 लोग सवार थे।
दूसरी गाड़ी में बैठे रिश्तेदारों को 50 किमी दूर मिला हादसे का फोन
परिवार की एक महिला ने बताया कि सभी रिश्तेदार तीन गाड़ियों में साथ यात्रा कर रहे थे।
शनिवार रात करीब 1:15 बजे हादसे की सूचना फोन पर मिली।
उस समय उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर से करीब 50 किलोमीटर दूर थी।
मौके पर पहुंचने पर परिवार के कई सदस्य घायल मिले। कुछ लोगों की मौत हो चुकी थी।
धार्मिक यात्रा पर निकले रिश्तेदारों के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी।
पति-पत्नी, बेटा-बहू और पोतियों की एक साथ मौत

हादसे में परिवार की कई पीढ़ियां खत्म हो गईं। मृतकों में सज्जन पवार (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60),
बाबूलाल पवार (75), उनकी पत्नी सुशीला (62), कैलाश (35), उनकी पत्नी अनीता (34),
माधवी (32), जाह्नवी (7) और सानवी (3) शामिल हैं।
सज्जन और बाबूलाल सगे भाई थे। कैलाश सैलून का काम करता था।
हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौत ने इस त्रासदी को और भी दर्दनाक बना दिया।
कोटा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 22, 2026
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, महाराष्ट्र भेजे जाएंगे शव
कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) November 22, 2026
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है।
उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार कराने और
प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
कोटा के एसडीएम कपिल शर्मा के अनुसार, सभी नौ मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है।
प्रशासन ने शवों को कोटा से महाराष्ट्र के धुले तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की है।
Keywords :
-
Kota Highway Accident
-
Rajasthan Road Accident
-
Khatu Shyam Ji Accident
-
Kota Udaipur Highway Accident
-
9 People Killed in Accident
-
Dhule Family Accident
-
Cruiser Truck Collision
-
Rajasthan Latest News