टी-20 में भारत का दबदबा बरकरार, हरारे में जिम्बाब्वे 90 रन से पस्त
ईशान किशन और तिलक वर्मा की दमदार पारियों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।
लगातार दो श्रृंखला हारने के बाद भारतीय टीम ने एक बार वापसी की। हरारे में जिम्बावे की साथ खेले गए दूसरे मुकाबले में भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया। इसकी बदौलत भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 90 रन से शिकस्त दी। इस तरह उसने टी-20 के तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
ईशान-तिलक की साझेदारी ने बदला मैच
भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। अभिषेक शर्मा (8) और वैभव सूर्यवंशी (20) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद ईशान किशन ने कप्तान श्रेयस अय्यर (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। अय्यर के आउट होने के बाद ईशान और तिलक वर्मा ने चौथे विकेट के लिए 94 रन की नाबाद साझेदारी कर पारी को मजबूती दी। ईशान ने 44 गेंदों पर 81 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 60 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को 5 विकेट पर 219 रन तक पहुंचाया।
220 रन का लक्ष्य जिम्बाब्वे के लिए बना पहाड़
220 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। ब्रायन बेनेट के 32 रन सर्वोच्च रहे, लेकिन उन्हें किसी अन्य बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई।
युवा गेंदबाजों ने किया काम तमाम
भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा। अभिषेक शर्मा ने तीन विकेट लेकर जिम्बाब्वे की कमर तोड़ दी। प्रिंस यादव और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट हासिल किए। यश ठाकुर ने ब्रायन बेनेट को आउट कर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला विकेट दर्ज किया, जबकि प्रिंस यादव ने बेन करन और कप्तान सिकंदर रजा को पवेलियन भेजकर जीत की राह आसान कर दी।