टीम इंडिया को बड़ा झटका,टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह

नई दिल्ली

टी20 वर्ल्ड कप 2022 में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है और इस बीच टीम इंडिया को बहुत बड़ा झटका लग गया है। एशिया कप 2022 में चोट के चलते बाहर रहने वाले स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के साथ टीम में वापसी की थी, लेकिन अब वह टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।

पीटीआई के मुताबिक बुमराह बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर के चलते इस मेगा इवेंट में नहीं खेल पाएंगे। बुमराह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन 28 सितंबर को खेले गए मैच में बैक पेन के चलते नहीं खेल पाए थे। अब खबर आई है कि बुमराह को बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया है और इसी वजह से वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के अलावा टी20 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में स्टैंडबाय के तौर पर मोहम्मद शमी को शामिल रखा गया है ऐसे में माना जा रहा है कि वह बुमराह की जगह टीम में शामिल हो सकते हैं, जबकि मोहम्मद सिराज को स्टैंडबाय खिलाड़ियों की लिस्ट में डाला जा सकता है।

बुमराह का इस तरह से बाहर होना टीम इंडिया के लिए बहुत बड़ा झटका है। पीटीआई ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

See also  IPL 2023: लॉकी फर्ग्युसन को रिलीज कर अब गुजरात टाइटंस में ऐसा खिलाड़ी चाहते हैं आशीष नेहरा

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *