अटकलों पर विराम, समाज के विभिन्न वर्गों के साथ और अधिक चर्चा के बाद राष्ट्रीय पार्टी का गठन किया जाएगा: KCR

हैदराबाद
अटकलों पर विराम लगाते हुए तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ और अधिक चर्चा करने के बाद वह एक राष्ट्रीय पार्टी का गठन करेंगे।

प्रभावशाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र की सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही कांग्रेस का एक राष्ट्रीय विकल्प मुहैया करने की कोशिश कर रही टीआरएस ने कहा कि वह विभिन्न हितधारकों के साथ चर्चा जारी रख कर ‘‘वैकल्पिक राष्ट्रीय एजेंडे’’ पर आम सहमति पर पहुंचेगी।

राव ने यह स्पष्ट कर दिया कि बुद्धिजीवियों, अर्थशास्त्रियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ और अधिक चर्चा के बाद पार्टी का गठन किया जाएगा और नीतियां तैयार की जाएंगी। इससे पहले दिन में, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने यहां राव से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने प्रस्तावित पार्टी की रूपरेखा पर चर्चा की।

 राव के कार्यालय से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ चर्चा अलग तेलंगाना राज्य के गठन के लिए आंदोलन शुरू करने से पहले की गई पहल की तरह की गई।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘बहुत जल्द, एक राष्ट्रीय पार्टी का गठन किया जाएगा और इसकी नीतियां तैयार की जाएंगी।’’ प्रस्तावित राष्ट्रीय पार्टी के लिए जिन नामों पर चर्चा चल रही है उनमें कथित तौर पर ‘भारत राष्ट्रीय समिति’, ‘उज्ज्वल भारत पार्टी’ और ‘नया भारत पार्टी’ शामिल हैं।

See also  FIFA World Cup:कतर वर्ल्ड कप को भुनाने, फैंस के बीच इस्लाम को कर रहा प्रमोट

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *