कमलनाथ ने किया दावा बोले – कांग्रेस 2023 के विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगी, गोपनीय सर्वे की खबर को बताया भ्रामक

भोपाल
 मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनावी तैयारियों को लेकर किसी इंटरनल सर्वे से इनकार किया है। कमलनाथ ने कहा कि मीडिया में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एक सर्वे रिपोर्ट की खबरें आ रही हैं। कांग्रेस पार्टी ने ऐसा कोई सर्वे नहीं कराया है। उन्हें पार्टी के लोगों को इन खबरों पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी है।

बीते दो दिनों से खबरें आ रही हैं कि कांग्रेस के आंतरिक सर्वे में 37 मौजूदा विधायकों और 17 पूर्व मंत्रियों की स्थिति संतोषजनक पाई गई है। यह खबर काफी वायरल हुई और कांग्रेस के कई नेताओं ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वी डी शर्मा ने भी इसको लेकर कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा था।

सर्वे की खबरों पर भरोसा न करें

कमलनाथ ने एक बयान में कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी के संबंध में एक सर्वेक्षण मीडिया में बताया जा रहा है। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि कांग्रेस ने ऐसा कोई सर्वे नहीं कराया है और ऐसे दावे बेबुनियाद हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे किसी भी आधारहीन अटकलों पर विश्वास न करें और प्रत्येक बूथ पर पार्टी की स्थिति को मजबूत करने के लिए अपने प्रयास जारी रखें।

See also  आईपीएल नीलामी 2023 : ऑक्शन में बरसा पैसा, सबसे महंगे खिलाड़ी बने सैम करन, एमआई ने ग्रीन को 17.5 करोड़ में खरीदा

पार्टीजनों से अपील, बूथ मजबूत करने पर दें ध्यान

नाथ ने कहा, हमें अपने बूथों को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। हम अपने संगठन को जितना मजबूत करेंगे, 2023 में हमें उतनी ही बड़ी जीत मिलेगी। अपने बयान में कमलनाथ ने दावा किया कि राजनीति के अपने लंबे अनुभव से वह लोगों के भावों से उनके मन की बात पढ़ सकते हैं। मध्य प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस को सरकार में वापस लाने का फैसला किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा को हराने के लिए प्रयास कर रहे हैं और उनकी मेहनत 2023 के विधानसभा चुनाव में रंग लाएगी। हमें सिर्फ अपने काम पर फोकस बनाए रखने की जरूरत है न कि बेबुनियाद अटकलों पर।

लक्ष्मण सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर उठाया था सवाल

 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्वजय सिंह के छोटे भाई कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक लक्ष्मण सिंह ने सर्वे के प्रसारण की रिपोर्ट पर सवाल उठाया था। सिंह ने गुरुवार को ट्वीट किया, कांग्रेस के आंतरिक सर्वेक्षण में केवल 17 पूर्व मंत्री और 37 मौजूदा विधायक जीत रहे हैं। विपक्ष में रहने और भारत जोड़ो यात्रा के बाद भी यह स्थिति क्यों बनी? शीर्ष नेतृत्व शायद इसका जवाब दे सकता है।

वी डी शर्मा ने कसा तंज

मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अपने सर्वे के जरिए बड़े-बड़े दावे कर रही है। यह कांग्रेस का अपना सर्वे है। हकीकत तब सामने आएगी जब ऐसा सर्वे कोई स्वतंत्र एजेंसी या मीडिया करेगा। असली सर्वे रिपोर्ट 37 विधायकों की हकीकत बताएगी, जिनकी रिपोर्ट कांग्रेस के सर्वे में अच्छी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *