मैनपुरी उपचुनाव में बीजेपी ने रघुराज शाक्य को बनाया अपना प्रत्याशी

   मैनपुरी

उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है. मैनपुरी लोकसभा सीट से बीजेपी ने रघुराज शाक्य को अपना प्रत्याशी बनाया है. रामपुर विधानसभा सीट से बीजेपी ने आकाश सक्सेना को टिकट दिया, जबकि खतौली विधानसभा सीट से राजकुमारी सैनी प्रत्याशी होंगी.

मैनपुरी सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी डिंपल यादव को टक्कर देने वाले बीजेपी के रघुराज शाक्य की गिनती प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव के करीबी के रूप में होती है. इसी साल फरवरी में रघुराज शाक्य ने प्रसपा छोड़ दी और बीजेपी का दामन थाम लिया था. रघुराज दो बार सांसद रह चुके हैं.

प्रसपा छोड़कर बीजेपी में गए थे रघुराज शाक्य

बीजेपी में शामिल होने से पहले रघुराज शाक्य, प्रसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर थे. रघुराज शाक्य 1999 और 2004 में समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर इटावा से सांसद चुने गए थे. उन्होंने 2012 में सपा के टिकट पर इटावा सदर सीट से विधानसभा का चुनाव भी जीता था. रघुराज शाक्य ने 27 जनवरी 2017 को सपा से इस्तीफा दे दिया था.

इसके बाद रघुराज शाक्य, शिवपाल सिंह यादव की प्रसपा में शामिल हो गए थे. 2022 के विधानसभा चुनाव में रघुराज शाक्य ने इटावा सदर सीट से दावेदारी की थी, लेकिन सपा ने यहां से सर्वेश शाक्य को मैदान में उतार दिया था. इस वजह से रघुराज शाक्य ने प्रसपा छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था. अब बीजेपी ने रघुराज को मैनपुरी सीट से प्रत्याशी बनाया है.

See also  ममता बनर्जी के मंत्री ने लांघी 'मर्यादा', महामहिम द्रौपदी मुर्मू के लुक पर किया कमेंट; भाजपा हमलावर

रामपुर में आजम को टक्कर देने वाले आकाश को टिकट

रामपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी ने आकाश सक्सेना को अपना प्रत्याशी बनाया है. आकाश सक्सेना ने ही पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता आजम खान के खिलाफ लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी थी, जिसका उनको ईनाम मिला है. आजम खान को तीन साल की सजा मिलने के बाद रामपुर की सीट खाली हुई है.

खतौली से राजकुमारी सैनी बनीं प्रत्याशी

मुजफ्फरनगर जिले की खतौली सीट से बीजेपी ने पूर्व विधायक विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को अपना प्रत्याशी बनाया है. विक्रम सैनी को हेट स्पीच के मामले में दो साल की सजा सुनाई गई थी, जिस वजह से उन्हें सीट छोड़नी पड़ी थी. अब बीजेपी ने इस सीट से विक्रम सैनी की पत्नी को मैदान में उतारा है. इस सीट पर सपा की सहयोगी पार्टी आरएलडी चुनाव लड़ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *