खाड़ी देशों में युद्ध का सीधा असर भारत में रसोई गैस यानी एलपीजी पर पड़ा है। समुद्री क्षेत्र में जहाजों पर हमले की आशंका बढ़ी है।
इससे एलपीजी का परिवहन प्रभावित हो रहा है। इसके चलते शनिवार को घरेलू व कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में इजाफा किया गया। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
कहां,कितने में मिलेगा सिलेंडर
कीमत बढ़ने के बाद मध्यप्रदेश के बड़े शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर अब अलग-अलग दरों पर मिलेगा। भोपाल में इसकी कीमत ₹918, इंदौर में ₹941, ग्वालियर में ₹996, जबलपुर में ₹919 और उज्जैन में ₹972 हो गई है।
कॉमर्शियल सिलेंडर भी महंगा
इससे पहले 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भी करीब ₹31 की बढ़ोतरी की गई थी। अब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण गैस आपूर्ति पर असर की आशंका के बीच कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है।
महिला दिवस पर मिली थी राहत
गौरतलब है कि इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे। वहीं 8 मार्च 2024 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में ₹100 की कटौती की थी।
युद्ध का सीधा असर रसोई पर
खाड़ी क्षेत्र में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच चुका है। जारी संघर्ष के कारण समुद्री मार्ग से होने वाले तेल और गैस के परिवहन पर असर पड़ा है।
कई गैस और तेल टैंकरों पर हमलों की आशंका के चलते जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर पड़ा है, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा।
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
इधर, गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के विरोध में कांग्रेस ने भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने “महंगाई का इंजेक्शन” लिखे पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि घर की शुरुआत रसोई से होती है और लगातार बढ़ती गैस की कीमतों ने घरेलू बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
उन्होंने सरकार से तुरंत दाम कम करने की मांग की, साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पटवारी ने सरकार को घेरा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी सोशल मीडिया के जरिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर पेट्रोलियम मंत्री सस्ता ईंधन उपलब्ध कराने की बात करते हैं। दूसरी ओर एलपीजी सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ाई जा रही हैं।