CM का ऐलान : विदिशा के शमशाबाद की बदलेगी पहचान,कहलाएगा सूर्यनगर

शमशाबाद (विदिशा)।

मध्यप्रदेश में शहरों और कस्बों की पहचान बदलने की कड़ी में अब विदिशा जिले की प्रमुख तहसील शमशाबाद का नाम भी बदलने जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को घोषणा की कि शमशाबाद को अब “सूर्यनगर” के नाम से जाना जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान क्षेत्र को करीब 163 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात भी दी।

इस अवसर पर जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 97 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया।

साथ ही प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगरप्रिंट लैब का भी शुभारंभ किया गया।

रोड शो में हुआ भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री के शमशाबाद पहुंचने पर भव्य रोड शो निकाला गया। इस दौरान उनके साथ शमशाबाद विधायक सूर्य प्रकाश मीणा भी रथ पर सवार रहे।

रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पीएमश्री बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।

97 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण

– कार्यक्रम में 104.30 करोड़ रुपए की लागत से 56 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया, जबकि 59.32 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए 41 कार्यों का लोकार्पण किया गया।

शमशाबाद विधानसभा: 53.26 करोड़ के 11 कार्यों का भूमिपूजन, 0.69 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण

सिरोंज विधानसभा: 37.36 करोड़ के 15 कार्यों का भूमिपूजन, 10.02 करोड़ के 5 कार्यों का लोकार्पण

कुरवाई विधानसभा: 1.19 करोड़ के 7 कार्यों का भूमिपूजन, 44.18 करोड़ के 16 कार्यों का लोकार्पण

विदिशा विधानसभा: 8.96 करोड़ के 8 कार्यों का भूमिपूजन, 3.14 करोड़ के 9 कार्यों का लोकार्पण

गंजबासौदा विधानसभा: 3.53 करोड़ के 15 कार्यों का भूमिपूजन, 1.29 करोड़ के 4 कार्यों का लोकार्पण

सिंचाई और बिजली परियोजनाओं की घोषणा

मुख्यमंत्री ने शमशाबाद नगर परिषद को 3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही नए सब-स्टेशन निर्माण, संजय सागर बांध और सगड़ बांध से सिंचाई परियोजना शुरू करने की भी बात कही।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक नदियों का पानी बहता रहा, लेकिन किसानों तक सिंचाई सुविधा नहीं पहुंच सकी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का सिंचित क्षेत्र तेजी से बढ़ा है और आने वाले समय में इसे और बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *