उदयपुर
राजस्थान के उदयपुर शहर के अंबामाता क्षेत्र में हनीट्रैप के जरिए व्यापारियों को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें एक युवक व्यापारियों को पहले अपने घर बुलाता और अपनी पत्नी और परिचित महिलाओं से दोस्ती करवाता और बाद में अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता। हनीट्रैप के इस मामले का खुलासा करते हुए अंबामाता थाना पुलिस ने युवक के अलावा दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
नजदीकी बढ़ने पर वीडियो बना ब्लैकमेल करता
पुलिस ने बताया कि हनीट्रैप का मास्टर माइंड व्यापारियों को पहले अपने घर बुला पत्नी और परिचित महिला से दोस्ती करवाता और उनकी नजदीकी बढ़ने पर वीडियो बना ब्लैकमेल करता था। अंबामाता थानाधिकारी ने बताया कि इस मामले में राजसमंद जिले के देवीसिंह, उसकी पत्नी और एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ अंबामाता क्षेत्र के एक पीड़ित व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी।
बड़े व्यापारियों को टारगेट करता था
पुलिस ने बताया कि देवी सिंह कुछ समय पहले मुंबई में टैक्सी ड्राइवर का काम करता था। वहां हनीट्रैप की कई घटनाओं से प्रेरित हो, वह भी इस काम में लग गया। मुंबई से लौटने के बाद उसने व्यापारियों को फंसाना शुरू किया। वह बड़े व्यापारियों को टारगेट करता था। इस काम में उसकी पत्नी और परिचित महिला ने उसे साथ दिया।
अश्लील वीडियो के आधार पर मोटे पैसे की डिमांड करता
वह पहले व्यापारियों से अपनी पत्नी और अन्य महिलाओं से मिलवाता था। उनके बीच दोस्ती होने पर महिलाएं उन्हें पति नहीं होने पर घर पर बुलाती और इन व्यापारियों से संबंध बनाती। इस बीच अचानक देवी सिंह घर आता और उनकी हरकतों का वीडियो बना लेता। अश्लील वीडियो के आधार पर वह व्यापारियों को धमकाता था और मोटे पैसे की डिमांड करता था। अब यह पता लगाया जा रहा है कि ये आरोपित अभी तक कितने व्यापारियों को फंसा चुके हैं और उनसे कितनी राशि ऐंठ चुके हैं।
















