दिनभर बवाल, रात में फिर लौटे CJP कार्यकर्ता; जंतर-मंतर पर दोबारा शुरू हुआ आंदोलन

जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान CJP और पुलिस में हिंसक झड़प हुई। कई लोग घायल हुए। बातचीत के बावजूद प्रदर्शन जारी है और पुलिस ने सुरक्षा समीक्षा शुरू की।

नई दिल्ली,एजेंसी।

संसद मार्च के दौरान दिनभर पुलिस से टकराव, आंसू गैस और झड़पों के बाद भी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलनकारी पीछे नहीं हटे। देर रात करीब 10:30 बजे वे एक बार फिर जंतर-मंतर पहुंच गए और सड़क पर डेरा डालकर आंदोलन दोबारा शुरू कर दिया। दिनभर की हिंसा और बातचीत के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि मांगें पूरी होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

सुबह संसद मार्च, शाम तक हिंसक टकराव

सुबह आठ बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर संसद की ओर मार्च किया। संसद मार्ग, जनपथ, कर्तव्य पथ और विजय चौक तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक लिया। हालात बिगड़ने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए और देर शाम पथराव की घटनाएं भी सामने आईं।

50 से ज्यादा पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल

झड़पों में 50 से अधिक पुलिसकर्मी और लगभग इतने ही प्रदर्शनकारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई। CJP ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया।

बातचीत हुई, लेकिन आंदोलन खत्म नहीं

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात के बाद CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार ने पहली बार बातचीत के लिए बुलाया है, लेकिन केवल आश्वासन से आंदोलन खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की मांगों पर ठोस फैसला होने तक विरोध जारी रहेगा।

दिल्ली पुलिस की हाई-लेवल बैठक

दिनभर के घटनाक्रम के बाद दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई। हिंसा की जांच और आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

सोनम वांगचुक की हालत स्थिर

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की हालत फिलहाल स्थिर है। डॉक्टरों के अनुसार उनका ब्लड शुगर स्तर कम है, हालांकि उपचार के बाद अन्य स्वास्थ्य मानकों में सुधार हुआ है।

See also  ‘लहरा दो तिरंगा’रैली से पहले दीपके,नेहा हिरासत में,150 प्रदर्शनकारियों की धरपकड़