अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर पहुंचकर आज श्रद्धांजलि देंगे राहुल गांधी, राजघाट भी जाएंगे

 नई दिल्ली 

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्याकुमारी से कश्मीर की 'भारत जोड़ो यात्रा' पर निकले राहुल गांधी आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और लालबहादुर शास्त्री के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता रहे अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि स्थल पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कांग्रेस पार्टी के अनुसार, पहले शनिवार शाम को ही राहुल का इन नेताओं की समाधियों पर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन पदयात्रा पूरा होने में समय लग जाने के कारण इस कार्यक्रम में बदलाव किया गया। 

कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ''शाम के समय पदयात्रा लंबी हो गई और भीड़ होने के कारण ज्यादा समय लग गया। राहुल गांधी नेताओं की समाधियों पर रविवार सुबह श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।'' जयराम रमेश ने बताया कि राहुल गांधी 'राष्ट्रीय स्मृति स्थल' पहुंचकर वाजपेयी की समाधि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। 

राहुल गांधी आज महात्मा गांधी की समाधि 'राजघाट', पंडित जवाहरलाल नेहरू के स्मारक 'शांति वन', इंदिरा गांधी की समाधि 'शक्ति स्थल', राजीव गांधी की समाधि 'वीर भूमि' और लाल बहादुर शास्त्री की समाधि 'विजय घाट' पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करने जाएंगे। 

आपको बता दें कि आज अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती भी है। आज के दिन वहां एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसमें शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित बीजेपी के तमाम दिग्गज नेता पहुंचेंगे।
 

See also  Multan Test:इंग्लैंड ने मुल्तान टेस्ट जीतकर रचा इतिहास, पाक घर में सीरीज हारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *