रेलवे स्टेशनों पर पूछताछ केंद्र अब कहलाएगा सहयोग केंद्र

अंबाला
रेलवे के सहयोग केंद्र पर अब सिर्फ ट्रेनों की नहीं बल्कि यात्री की सभी समस्याओं का निदान होगा। इसमें टिकट काउंटर, विश्रामगृह, शौचालय, वेटिंग रुम, खानपान, साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था व सुरक्षा आदि को लेकर भी सहयोग मिलेगा। बाकायदा इसके लिए सहयोग केंद्र पर सूचना बोर्ड भी लगाया जाएगा। वहीं रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि यात्री ट्रेन में सफर के दौरान सुरक्षा व सहायता से संबंधित जानकारी उक्त नंबर पर साझा कर सकें। रेलवे अधिकारी ने बताया कि अंबाला मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर पूछताछ केंद्र का नाम अब सहयोग होगा। रेलवे बोर्ड पैसेंजर मार्केटिंग के कार्यकारी निदेशक नीरज शर्मा ने सोमवार को यह आदेश जारी किए हैं।

नाम बदलने के पीछे नहीं कोई स्पष्ट वजह
एक दशक पूर्व तक इंक्वायरी काउंटर का नाम था, बाद में इसे सुविधा केंद्र बनाया गया। लेकिन अब एक बार फिर पूछताछ केंद्र का नाम बदलकर सहयोग रखा जा रहा है। हालांकि नाम बदलने के पीछे वजह स्पष्ट नहीं की गई है, लेकिन रेलवे में इस नए नाम को आसान और सभी यात्रियों के लिए सुविधाजनक माना गया है।

भारतीय रेल द्वारा यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। रेल यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर प्लेटफार्म पर ट्रेनों से संबंधित आवश्यक जानकारी हासिल करने के लिए रेलवे स्टेशनों पर सुविधा केंद्र खोले गए हैं जोकि पूछताछ काउंटर का काम करते हैं। इन पूछताछ केंद्रों के जरिए रेल यात्री ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान के अलावा प्लेटफार्म आदि की जानकारी भी प्राप्त करते हैं। इसके अलावा प्लेटफार्म पर लगे कोच ट्रेन इंडीकेशन बोर्ड भी यहीं से अपडेट होते हैं।

सफर करने में मिलेगा सहयोग
बोर्ड की नजर में सहयोग सरल नाम है और इस नाम से ही झलकता है कि इस काउंटर से यात्रियों को सफर करने में सहयोग मिलेगा। मंडल का छावनी रेलवे स्टेशन बेहद महत्वपूर्ण है। चूंकि यहां जंक्शन है और यहां से लुधियाना, जम्मू, अमृतसर, दिल्ली, मुंबई, यूपी, बिहार, असम आदि की तरफ लगभग 150 से अधिक ट्रेनों का परिचालन किया जाता है। वहीं स्टेशन पर 1 से 7 तक प्लेटफार्म बने हुए हैं। जबकि प्लेटफार्म 1-ए स्टेशन के एक छोर पर बना हुआ है। इस प्लेटफार्म की जानकारी न होने के कारण कई बार यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती है। इन परेशानियों का समाधान यात्रियों को सिर्फ रेलवे पूछताछ केंद्र से ही मिल पाता है। अब नाम के अनुरूप सहयोग केंद्र में परिवर्तित होने वाले पूछताछ केंद्र यात्रियों और रेलवे के बीच एक अहम कड़ी बनेंगे और यात्री बिना किसी परेशानी के ट्रेनों की जानकारी लेकर अपना सफर पूरा कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *