Cyclone Akvan: आंध्र प्रदेश पर चक्रवात ‘अकवान’ का खतरा, 145 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अकवान 20 नवंबर को नेल्लोर और टुनी के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। IMD के मुताबिक, इस दौरान हवा की रफ्तार 120-130 किमी प्रति घंटे और झोंके 145 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है।

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के लिए खतरा बन सकता है। मौसम और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के अनुसार, तूफान के और ताकतवर होने की आशंका है। इसके प्रभाव से तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) ने मछुआरों को समुद्र में न जाने और तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है।

कहां पहुंचा चक्रवात ‘अकवान’?

APSDMA के प्रबंध निदेशक और RTGS के CEO प्रखर जैन के मुताबिक, तूफान चेन्नई, मछलीपट्टनम, विशाखापत्तनम और ओडिशा के गोपालपुर से सैकड़ों किलोमीटर दूर था। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था।

शुरुआती अनुमान के अनुसार, तूफान के पहले गंभीर और फिर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका जताई गई थी। इसके आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और टुनी के बीच से गुजरने का अनुमान बताया गया था।

20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है तूफान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 17 नवंबर सुबह 5:45 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात अकवान 17 नवंबर को शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है।

See also  मानसून ने पकड़ी रफ्तार: अगले 7 दिनों में 25 राज्यों में भारी बारिश‑आंधी का अलर्ट

IMD का अनुमान है कि तूफान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और टुनी के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकरा सकता है। उस समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

किन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट?

चक्रवात के असर से सिर्फ आंध्र प्रदेश ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का खतरा है। IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक:

  • आंध्र प्रदेश: 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 19-20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है।

  • ओडिशा: 18 नवंबर से बारिश शुरू होने और 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

  • तमिलनाडु और पुडुचेरी: 18 और 19 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

  • तेलंगाना: 20 नवंबर को पूर्वी तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।

  • पश्चिम बंगाल: गंगा के मैदानी क्षेत्रों में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तटीय इलाकों में जलभराव का खतरा

IMD ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति बिगड़ने की चेतावनी दी है। 19 नवंबर से समुद्र में बहुत ऊंची लहरें उठ सकती हैं और तूफान के तट से गुजरने तक स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है।

See also  MP में 24 सितंबर से फिर झमाझम बारिश, 13 राज्यों में अलर्ट; 85 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं!

मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के लैंडफॉल के दौरान आंध्र प्रदेश के प्रकाशम, बापटला, कृष्णा, पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा और काकीनाडा जिलों के निचले इलाकों में 1 से 2 मीटर तक का तूफानी ज्वार (Storm Surge) आ सकता है। इससे तटीय क्षेत्रों में पानी भरने का खतरा है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

चक्रवात की गंभीरता को देखते हुए मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। IMD ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और कमजोर मकानों में नहीं रहने की चेतावनी दी है।

किसानों को भी खड़ी फसलों, बागानों और फलदार पेड़ों को संभावित नुकसान के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। तूफान के दौरान बिजली और संचार व्यवस्था, सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकते हैं।

आंध्र प्रदेश प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नागरिक चक्रवात से जुड़ी सहायता और आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

  • माना मित्र WhatsApp: 9552300009

  • आपातकालीन हेल्पलाइन: 112

  • राज्य आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन: 1070

  • टोल-फ्री सहायता नंबर: 18004250101

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें। चक्रवात की दिशा और तीव्रता में बदलाव संभव है, इसलिए ताजा बुलेटिन पर नजर रखना जरूरी है।